Bihar News: बिजली का तार ही नहीं, ट्रांसफार्मर भी खोलकर ले जा रहे चोर; 300 घरों में बत्ती गुल हुई तो खुला सच
Muzaffarpur Power Cut: तार चोरी कर लिए जाने की घटना बिहार में विधानसभा के पास भी होती रही है, लेकिन पुलिस गश्ती के दावों के बीच अब चोर पूरा का पूरा ट्रांसफार्मर ही खोलकर ले जा रहे। मुजफ्फरपुर में मामला तब खुला, जब एक साथ 300 घरों की बत्ती गुल हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। आम नागरिकों के घरों में चोरी की वारदातों से पुलिस पहले ही जूझ रही है। लेकिन अब चोरों ने बिजली के ट्रांसफार्मर पर अपना निशाना साध लिया है। ताजा मामला मीनापुर थानाक्षेत्र के मझौलिया पंचायत के शाहबाजपुर कोठी इलाके से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने आधी रात को बिजली काटकर ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया। इस चोरी के कारण पूरे गांव के करीब 300 घरों में अंधेरा छा गया है।
घटना के बारे में जानकारी सुबह उस वक्त हुई जब ग्रामीण उठे और देखा कि ट्रांसफार्मर गायब है। चोरों ने बेहद शातिराना ढंग से पहले बिजली की सप्लाई काटी और फिर ट्रांसफार्मर को खोलकर चोरी कर ले गए। चोरों ने ट्रांसफार्मर में लगे कवर और अन्य सामान मौके पर ही फेंक दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मर और बिजली के तारों की चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। मीनापुर प्रखंड में पहले भी कई बार ट्रांसफार्मर और बिजली के तार चोरी हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक इस गिरोह को पकड़ने में नाकाम रही है। ग्रामीणों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व मुखिया सदरूल खान ने बताया कि पूरे प्रखंड में चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है, जो बिजली के उपकरणों को निशाना बना रहा है। चोरों ने पहले बिजली काटी ताकि ग्रामीणों को इसका पता न चल सके और फिर ट्रांसफार्मर को खोलकर चोरी कर ले गए।
इस घटना के बाद से शाहबाजपुर कोठी इलाके में बिजली गुल है और लगभग 300 घर अंधेरे में हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपील की है कि इस चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।