Bihar News: बाइक सवार बदमाशों ने की हवाई फायरिंग, इलाके में दहशत; पुलिस जांच में जुटी
Bihar: दारोगा नौशाद आलम और एसआई विकास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें फायरिंग की स्पष्ट आवाजें रिकॉर्ड हुई हैं।
विस्तार
वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रेपुरा सराय मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर शाम उस समय अफरातफरी मच गई जब पोझिया गांव (वार्ड संख्या 26) के समीप बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सरेआम हवाई फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक दोनों बदमाश सराय की दिशा में फरार हो चुके थे। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज थाने की पुलिस सक्रिय हो गई। दारोगा नौशाद आलम और एसआई विकास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें फायरिंग की स्पष्ट आवाजें रिकॉर्ड हुई हैं। इससे जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पढ़ें: पूर्णिया की नई एसपी स्वीटी सहरावत ने संभाला पदभार, बोलीं- अपराध नियंत्रण रहेगी प्राथमिकता
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान और फायरिंग के पीछे की मंशा को लेकर कई पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और उन्होंने पुलिस से इलाके में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।