Bihar: भीषण अग्निकांड में छह से ज्यादा घर जलकर खाक, लाखों की संपत्ति को पहुंचा नुकसान; सोते समय हुआ हादसा
Bihar: पीड़ितों का कहना है कि वे खाना खाकर सो रहे थे, तभी देर रात अचानक आग की लपटें दिखीं। किसी तरह जान बचाकर वे बाहर निकले। लेकिन आग की भयावहता ऐसी थी कि घर से कुछ भी सामान निकालने का मौका नहीं मिल सका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वैशाली जिले के लालगंज प्रखंड अंतर्गत शाहदुल्लापुर पंचायत के शाहदुल्लापुर गांव में बुधवार देर रात भीषण अग्निकांड में आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख हो गए। इस हादसे में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई। आग लगने की वजह का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन यह आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से लगी हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, शाहदुल्लापुर गांव के वार्ड संख्या 01 में अचानक एक घर में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग की सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक मो. रहमत, मो. अंसार, मो. आलम, मो. शहजाद आलम, मो. नौशाद आलम, मो. नजरे आलम, मो. कमरे आलम, मो. समसे आलम और मो. नूरे आलम समेत कई लोगों के घर जलकर राख हो चुके थे।
पीड़ितों का कहना है कि वे खाना खाकर सो रहे थे, तभी देर रात अचानक आग की लपटें दिखीं। किसी तरह जान बचाकर वे बाहर निकले। लेकिन आग की भयावहता ऐसी थी कि घर से कुछ भी सामान निकालने का मौका नहीं मिल सका। घर में रखे नगदी, जेवरात, कपड़े, बर्तन, अनाज, पंखे आदि सभी सामान जलकर नष्ट हो गए।
मो. रहमत आलम ने बताया कि उनकी बेटी की शादी दस दिन बाद थी। शादी के लिए खरीदे गए सभी सामान जेवर, बर्तन, कपड़े और भोज-भात की तैयारी में रखी गई वस्तुएं सभी जलकर खाक हो गईं। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के लिए पंपिंग सेट, बालू और मिट्टी का सहारा लिया, लेकिन आग की लपटों के सामने सब प्रयास नाकाम साबित हुए। दमकल विभाग के आने तक अधिकांश घर पूरी तरह जल चुके थे।
प्रशासन से मदद की गुहार
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र सहायता और मुआवजा देने की मांग की है। वहीं स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और राहत कार्यों की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।