Bihar Crime: 18 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या, नशे का आदी था; पुलिस दोस्तों की तलाश में जुटी
Bihar: जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था और रविवार की रात उसे कुछ दोस्तों के साथ देखा गया था। पुलिस उन दोस्तों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत सतगामा मोहल्ले में सोमवार को 18 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सतगामा निवासी उपेंद्र रजक के पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है। युवक का शव घर से सटे खटाल में विषहरी स्थान के पूर्व दिशा में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। गले पर रस्सी के फंदे के गहरे निशान पाए गए हैं। पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे हत्या का मामला माना है।
सूचना पर अपर निरीक्षक उदय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ, टाउन थाना अध्यक्ष और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने आवश्यक सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजा है।
पढ़ें: 'सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव, जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे', आरा में बोले अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था और रविवार की रात उसे कुछ दोस्तों के साथ देखा गया था। पुलिस उन दोस्तों की तलाश में जुटी है और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि हत्या की असली वजह सामने आ सके। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।