Bihar News: जमीनी विवाद में चाचा ने भतीजे की कर दी पीट-पीटकर हत्या, चार लोग हिरासत में; जांच में जुटी पुलिस
बेगूसराय में जमीन विवाद को लेकर चाचा ने अपने भतीजे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है, जबकि पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
विस्तार
बिहार के बेगूसराय में जमीन विवाद में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को आपसी जमीन बंटवारे को लेकर चाचा ने अपने सगे भतीजे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद परिजनों में जहां कोहराम मचा हुआ है, वहीं लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। घटना बखरी थाना क्षेत्र के बखरी नगर परिषद वार्ड नंबर-19, मक्खाचक मोहल्ले में घटी।
चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की
मृतक की पहचान मक्खाचक मोहल्ला निवासी विनोद साह के पुत्र अभिमन्यु कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। मारपीट में मृतक अभिमन्यु के चाचा बिट्टू साह एवं रिश्ते के भाई राजन कुमार घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही बखरी डीएसपी कुंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
तीनों भाइयों में पहले ही इसका बंटवारा हो चुका था
इस घटना के संबंध में मृतक अभिमन्यु के चाचा बिट्टू साह सहित अन्य लोगों ने बताया कि घर के बगल में ही साढ़े 10 कट्ठा पुश्तैनी जमीन है। तीनों भाइयों में पहले ही इसका बंटवारा हो चुका था, लेकिन अर्जुन साह जबरदस्ती विनोद साह के हिस्से की आगे की जमीन पर घर बनाना चाह रहा था। इसे लेकर सुबह विवाद हुआ था, उस समय स्थानीय लोगों ने मामले को शांत करा दिया था।
ये भी पढ़ें- संकट में श्रमिक: अफ्रीका में फंसे झारखंड के 48 मजदूर, पिछले तीन महीने से नहीं मिली है पगार; भुखमरी की नौबत
अभिमन्यु कुमार को पीट-पीटकर मार डाला
इसके बाद गांव में ही एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जिसमें सभी लोग अंतिम संस्कार में चले गए थे। इसी दौरान दोपहर में फिर विवाद शुरू हो गया और अर्जुन साह ने ईंट से हमला कर अभिमन्यु कुमार को पीट-पीटकर मार डाला। बचाने गए बिट्टू और राजन की भी पिटाई कर दी गई। सूचना पाकर पहुंची बखरी पुलिस ने मामले को शांत करने का प्रयास किया। इसके बाद बखरी डीएसपी कुंदन कुमार भी मौके पर पहुंचे।
डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि जमीन विवाद में हुई मारपीट में अभिमन्यु कुमार की मौत हुई है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।