Engine Derailed: जमालपुर में टला बड़ा हादसा, शंटिंग के दौरान बेपटरी हुआ इंजन; घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी
Munger News: मुंगेर जिले में स्थित जमालपुर रेलवे स्टेशन स्थित रूट रिले इंटरलाकिंग (आरआरआइ) क्रासिंग के पास एक रेल इंजन बेपटरी हो गया। बताया जा रहा है कि रेल इंजन के तीन पहिया रेलवे लाइन से उतर गए।
विस्तार
जमालपुर में शुक्रवार को रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। शंटिंग को जा रहे इंजन के तीन पहिया रेलवे लाइन से उतर गए। हालांकि गनीमत ये रही कि बेपटरी हुई ट्रेन का सिर्फ इंजन था, अगर इंजन में कोच और यात्री सवार होते तो महापर्व के बीच यहां किसी बड़े हादसे होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता था।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम 28676 नंबर लोको के साथ डेड लोको जिसका नंबर 30029 था, जो शंटिग में जा रहा था। तभी डेड लोको 30029 के तीन पहिये एल-3 एटी जमालपुर में बिंदु संख्या 344 पर पटरी से उतर गई। इधर, इंजन डिरेल की घटना के बाद जमालपुर में तैनात अधिकारियों के तो मानों होश ही उड़ गए।
मौके पर कन्सट्रक्शन विभाग के सीनियर डीएनई अपने मातहतों और एआरटी वैन की सहायता से बेपटरी हुए इंजन को पटरी पर लाने की तैयारी में जुट गए थे। हालांकि घटना के लगभग दो घंटे बीत जाने के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई थी।
रेल अधिकारी व कर्मी व्यवस्था सामान्य और मामले की भनक मुख्यालय तक लगने पाए इसको लेकर जी जान से जुटे हुए थे। नाम न छापने की शर्त पर रेल अधिकारी ने बताया कि शंटिंग को जा रहा इंजन बेपटरी हुआ है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।