बिहार: अलीगंज की सड़क बनी ‘धान का खेत’, कांग्रेस ने गड्ढों में रोपी धान; मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
नवादा-सिकंदरा मुख्य मार्ग की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को अलीगंज बाजार में अनोखा विरोध किया। जलजमाव से भरे सड़क के गड्ढों में धान रोपकर कार्यकर्ताओं ने सरकार और विभाग का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।
विस्तार
जमुई जिले के नवादा-सिकंदरा मुख्य मार्ग की जर्जर हालत को लेकर रविवार को अलीगंज बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और उनमें जमा बारिश के पानी के बीच कार्यकर्ताओं ने धान रोपकर सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव राजेश पासवान ने किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अलीगंज बाजार की मुख्य सड़क के अलावा आढ़ा और चंद्रदीप क्षेत्र में भी सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी जमा हो जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। कई जगहों पर सड़क और खेत के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर नारेबाजी करते हुए अविलंब मरम्मत की मांग की।
राजेश पासवान ने कहा कि नवादा-सिकंदरा मुख्य मार्ग की बदहाली विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस महत्वपूर्ण मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग सड़क की स्थिति सुधारने को लेकर गंभीर नहीं है। गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा रेल हादसा टला: महानंदा एक्सप्रेस के इंजन समेत तीन हिस्से पटरी से उतरे; मची अफरा-तफरी
उन्होंने स्थानीय सांसद और विधायक पर भी जनता की समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की जमीनी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मकेश्वर यादव ने कहा कि सरकार को जगाने के लिए पार्टी सड़क पर उतरकर जनता की आवाज उठाती रहेगी। यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धान रोपकर किए गए प्रदर्शन को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। प्रदर्शन में अनुसूचित जाति प्रखंड अध्यक्ष अनिल दास, रंजीत सिंह, अवधेश यादव, मो. इत्तियाक, विक्रम सिंह, शंभू यादव, चंदेश्वर रविदास और अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सड़क पर बने गढ्ढे में धान रोपकर विरोधी जताते कांग्रेस कार्यकर्ता