बिहार में हैवानियत: हाथ जोड़ती रही नाबालिग, लोग सरेआम करते रहे छेड़छाड़; वीडियो वायरल होने के बाद तीन गिरफ्तार
जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव में बाइक से जा रहे नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। इस दौरान लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बिहार के जमुई में नाबालिग लड़का-लड़की को रास्ते में रोककर लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना 19 सितंबर की शाम की है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान शुरू की और पीड़ितों तक पहुंचकर उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना को लेकर बिहार सरकार पर सवाल उठाए हैं और वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ पॉक्सो के तहत कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने शुरू की जांच
घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव इलाके की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में बाइक सवार नाबालिग युवक और युवती को कुछ लोग रोकते और घेरते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवती हाथ जोड़कर लोगों से उन्हें जाने देने की अपील करती दिखाई दे रही है। वह कहती सुनाई दे रही है, “बच्चा हैं, जाने दीजिए। अब कभी नहीं आएंगे।”
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। पुलिस ने वीडियो को आधार बनाकर जांच शुरू की। जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस को वीडियो मिला था। इसके बाद वीडियो के आधार पर पीड़िता की पहचान की गई और उसका बयान दर्ज किया गया। एसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की सामने आई है। वीडियो में छह-सात लोग दिखाई दे रहे हैं और इनमें से कुछ की पहचान कर ली गई है।
तीन युवकों को गिरफ्तार करने का दावा
जमुई पुलिस की टीम ने मामले में छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान मड़वा गांव निवासी मिथिलेश, प्रमोद और गोलू के रूप में बताई गई है। तीनों की उम्र करीब 24 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया
एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस के पास घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई थी। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खुद मामले का संज्ञान लिया और वीडियो के आधार पर पीड़िता तक पहुंची। उसका बयान दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और किसकी क्या भूमिका थी। मामले में वायरल वीडियो को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है।
राहुल गांधी बोले- ‘हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए’
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे “बेहद परेशान करने वाला” वीडियो बताया। राहुल गांधी ने कहा कि दो 10वीं कक्षा के छात्रों को रास्ते में रोका गया और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट, उत्पीड़न और लड़की के साथ छेड़छाड़ की गई। राहुल गांधी ने कहा कि वीडियो में लड़की हाथ जोड़कर जाने देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन लोगों को इस तरह का व्यवहार करने का अधिकार किसने दिया।
The video from Jamui, Bihar is deeply disturbing.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 21, 2026
Two Class 10 students were stopped on a road. Harassed. Humiliated. Molested. A young girl, hands folded, begged to be let go while goons groped her and dragged her away.
Who gave these men the right to behave like this? This is…
राहुल गांधी ने POCSO के तहत कार्रवाई की मांग की
राहुल गांधी ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे हर व्यक्ति की पहचान की जानी चाहिए और आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर घटना 19 सितंबर की है तो आरोपियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई। उन्होंने बिहार सरकार से भी सवाल किया कि शाम करीब सात बजे सार्वजनिक सड़क पर एक लड़की की सुरक्षा को लेकर ऐसी स्थिति क्यों बनी। राहुल गांधी ने अपने बयान में इस घटना को महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा से जोड़ते हुए सरकार से जवाब मांगा।
घटना को लेकर सियासत भी तेज
घटना का वीडियो सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करती है।
वहीं, भाजपा की ओर से कहा गया कि सरकार सुशासन के सिद्धांत पर काम कर रही है और कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही गई है, जबकि वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।