बिहार: बेगूसराय में बांध किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश, एक हफ्ते में दूसरा शव मिलने से सनसनी
बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र के पीढौली पंचायत में जमींदारी बांध के किनारे मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।
विस्तार
तेघड़ा थाना क्षेत्र के पीढौली पंचायत स्थित डिहबार बाबा थानघाट के पास मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जमींदारी बांध के किनारे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा मिला। सुबह की सैर और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए दौड़ लगाने निकले युवाओं की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पंचायत के मुखिया अनुराग कुमार सन्नी को दी। मुखिया ने तत्काल तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया।
दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया शव करीब दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। आशंका है कि युवती का शव पानी के बहाव के साथ बहकर यहां तक पहुंचा होगा। हालांकि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। यह हत्या है, हादसा है या मौत के पीछे कोई और वजह है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। युवती ने चेकदार फुल शर्ट और कार्गो फुल पैंट पहन रखी थी। उसकी कमर में स्टॉल भी लिपटा हुआ था। शव की पहचान नहीं होने से पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसके परिजनों तक पहुंचने की है। वहीं, ग्रामीण भी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर युवती कौन थी और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
एक सप्ताह में दूसरी अज्ञात युवती का शव मिलने से बढ़ी चिंता
इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले भी तेघड़ा थाना क्षेत्र की आधारपुर पंचायत के बिनलपुर में एक अज्ञात युवती का शव मिला था। उस शव की भी अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस जांच के बाद खुलेगा मौत का राज
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों युवतियां कौन थीं, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनके परिवार आखिर कहां हैं। पुलिस शवों की पहचान कराने के साथ आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।