{"_id":"6a1055bf443ea53b1c089946","slug":"speeding-pickup-van-crushes-teen-cyclist-to-death-in-saharsa-angry-villagers-block-road-kosi-news-c-1-1-noi1476-4310596-2026-05-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: सीमेंट लाने निकला था 17 साल का आशिष, तेज रफ्तार पिकअप ने ली जान; शव रखकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: सीमेंट लाने निकला था 17 साल का आशिष, तेज रफ्तार पिकअप ने ली जान; शव रखकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Fri, 22 May 2026 08:38 PM IST
कोसी ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
Published by: कोसी ब्यूरो
Updated Fri, 22 May 2026 08:38 PM IST
सार
Bihar: सहरसा में तेज रफ्तार पिकअप वैन ने साइकिल सवार 17 वर्षीय किशोर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
मृतक युवक (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पतरघट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वैन ने 17 वर्षीय किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
बाजार से सीमेंट लाने जा रहा था आशिष
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धबौली पूर्वी पंचायत के केशवपुर बस्ती वार्ड संख्या-12 निवासी बीरेंद्र राम का 17 वर्षीय बेटा आशिष कुमार शुक्रवार सुबह साइकिल से धबौली बाजार जा रहा था। वह घर के काम के लिए सीमेंट लाने निकला था। इसी दौरान पस्तपार-धबौली-कहरा मुख्य मार्ग पर कन्या मध्य विद्यालय धबौली के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशिष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
हादसे के बाद चालक फरार, परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी आशिष के परिजनों को दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए।
विज्ञापन
शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम
आक्रोशित ग्रामीणों ने धबौली बैंक चौक और केशवपुर मोड़ के बीच मुख्य सड़क पर शव रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस, समझाने में जुटे अधिकारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पतरघट और पस्तपार थाने की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास करते रहे। इस दौरान करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन लगातार बढ़ गया है, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: रील के लिए रेलवे ट्रैक पर लगा रही थी ठुमके, पीछे से आई ट्रेन ने छीनी जिंदगी; वीडियो बना रहे साथी फरार
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पतरघट थानाध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।