{"_id":"6a0efeaf8b8087082a0f61dc","slug":"one-farmer-dead-four-injured-in-saharsa-lightning-strike-bihar-news-kosi-news-c-1-1-noi1476-4306581-2026-05-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे छिपे थे किसान, तभी मौत बनकर गिरी बिजली, एक की मौत, चार झुलसे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे छिपे थे किसान, तभी मौत बनकर गिरी बिजली, एक की मौत, चार झुलसे
Thu, 21 May 2026 08:24 PM IST
कोसी ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
Published by: कोसी ब्यूरो
Updated Thu, 21 May 2026 08:24 PM IST
सार
Bihar: बिहार के सहरसा जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक किसान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। अचानक बदले मौसम के बीच किसान बारिश से बचने के लिए आम के पेड़ के नीचे खड़े हुए थे, तभी वज्रपात हो गया।
विज्ञापन
अस्पताल में इलाजरत जख्मी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पतरघट प्रखंड में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य किसान गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
विज्ञापन
अचानक बदला मौसम और हो गया हादसा
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर बाद कपसिया गांव के कुछ किसान खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवा से बचने के लिए सभी किसान पास ही स्थित एक आम के बगीचे में चले गए और पेड़ की छांव में खड़े हो गए। इसी बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर आ गिरी। वज्रपात की चपेट में आने से कपसिया गांव के रहने वाले 50 वर्षीय किसान रामप्रवेश यादव (पिता दानी यादव) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
विज्ञापन
हादसे में ये लोग हुए गंभीर रूप से घायल
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से रामप्रवेश यादव के पिता दानी यादव (70 वर्ष) भी गंभीर रूप से झुलस गए। उनके अलावा गांव के ही रंजीत झा (47 वर्ष), जटाशंकर रजक (30 वर्ष) और मंजी कुमार (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
विज्ञापन
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पतरघट थाना अध्यक्ष शशि कुमार और अपर थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पतरघट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: पुलिस की कार्रवाई से डरा बदमाश; जेल से निकल, गंगा में बहाया हथियार! अपराधी ने छोड़ी अपराध की दुनिया
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
पीएचसी प्रभारी डॉ. बबीता कुमारी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, थाना अध्यक्ष शशि कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।