बिहार: भाई ने भाई को मार डाला, बीच बचाव करने गए तीन लोगों को चाकू गोदा; जानिए सहरसा में क्यों हुआ ऐसा खूनी खेल
सहरसा में छोटे सी बात के लिए एक युवक ऐसा करेगा? यह किसी ने सोचा नहीं था। एक युवक की मौत हो गई। तीन लोगों की हालत गंभीर है। परिजन युवक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। आइये जानते हैं पूरा मामला...
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले में पैतृक जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नवहट्टा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड संख्या 10 स्थित बालूटोला में गुरुवार रात चचेरे भाई ने दो दंपतियों पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात में 26 वर्षीय नीतीश महतो की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का सहरसा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक के बड़े भाई शंकर महतो के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:30 बजे घर के बाहर नाले का गंदा पानी फेंकने को लेकर उनकी मां और छोटे भाई नीतीश के बीच कहासुनी हो रही थी। शंकर ने मां को समझाकर वहां से हटा दिया। इसी दौरान उनका चचेरा भाई मिथुन हाथ में चाकू लेकर वहां पहुंच गया और नीतीश को जान से मारने की धमकी देने लगा।
इसके बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मिथुन ने नीतीश के दाहिने कंधे पर चाकू से वार कर दिया। नीतीश की पत्नी नीलम, बड़े भाई शंकर और भाभी चंपा बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे तीन लोग भी घायल
चाकू के हमले में शंकर महतो के बाएं कंधे, चंपा देवी की पीठ और नीलम देवी के कंधे पर चोट लगी। परिजन सभी घायलों को आनन-फानन में सहरसा सदर अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान रात में नीतीश महतो की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
वर्षों से चल रहा था पैतृक जमीन का विवाद
मृतक के पिता राजेंद्र महतो ने बताया कि उनके भाई नुनूलाल महतो के साथ पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वह कई साल पहले परिवार के साथ मधेपुरा जिले के खड़ा बुधमा स्थित ससुराल चले गए थे और वहां मजदूरी करने लगे थे।
बिहार में बाढ़ का कहर: 14 जिलों के 43.64 लाख लोग प्रभावित, 951 सामुदायिक किचन में मिल रहा भोजन
राजेंद्र महतो ने बताया कि करीब आठ-नौ साल पहले बच्चे बड़े होने के बाद परिवार पैतृक गांव लौट आया और जमीन पर घर बनाकर रहने लगा। आरोप है कि यह बात नुनूलाल महतो के बेटे मिथुन को पसंद नहीं थी। वह अक्सर परिवार को गांव छोड़कर चले जाने की धमकी देता था। परिजनों ने इसी पुरानी रंजिश को वारदात की वजह बताया है।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी
नवहट्टा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद को लेकर चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।