IPL 2025: चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों को नेट प्रैक्टिस कराएगा बिहार का लाल; जानें क्या कह रहे साथी खिलाड़ी
Bihar : वीरपुर कोसी क्रिकेट क्लब के होनहार गेंदबाज इजहार का चयन आईपीएल के चेन्नई सुपर किंग्स के नेट बॉलर के रूप में हुआ है। यह पहला मौका है, जब बिहार में खेल कर किसी खिलाड़ी ने क्रिकेट की दुनिया में इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है।
विस्तार
सुपौल जिले के इंडो-नेपाल सीमा पर अवस्थित वीरपुर में इन दिनों आईपीएल का बेसब्री से इंतजार है। इसकी वजह भी खास है। दरअसल, वीरपुर कोसी क्रिकेट क्लब के होनहार बॉलर इजहार का चयन आईपीएल के चेन्नई सुपर किंग्स के नेट बॉलर के रूप में हुआ है। यह पहला मौका है, जब सुपौल में खेल कर किसी खिलाड़ी ने क्रिकेट की दुनिया में इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है। यही वजह है कि स्थानीय लोग सहित वीरपुर कोसी क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।
क्लब के सीनियर खिलाड़ी जयचंद ने बताते हैं कि इजहार में शुरू से ही एक बेहतरीन बॉलर होने के सारे गुण मौजूद थे। उनका हार्ड वर्क, क्रिकेट के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समय पर खेल प्रैक्टिस में उनका समर्पण जैसी कई बातें हैं। वहीं साथी खिलाड़ी बीरबल कहते हैं कि इजहार में बॉलिंग के नायाब गुण हैं। एक बॉलर को अर्जुन की तरह हमेशा अपना लक्ष्य देखना चाहिए, इजहार में भी अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य को प्राप्त करने और उस तक पहुंचाने का जुनून है। इजहार की सफलता पर साथी खिलाड़ी अमन, रिशु, मुस्कान, विनय, प्रेम, वैभव, अनुपम, शिवम सहित अन्य ने इजहार सेलेक्शन पर खुशी जताई। बता दें कि इससे पहले मूृल रूप से सुपौल जिले के मरौना प्रखंड अंतर्गत रतहो गांव निवासी मयंक यादव का वर्ष 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स में सेलेक्शन हुआ था। जिसके बाद अपनी तूफानी गेंदबाजी से सबको चौंका दिया था। हालांकि मयंक ने अपना पूरा अभ्यास दिल्ली में रह कर ही किया था।
यह खबर भी पढ़ें- Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डीजीपी और मुख्य सचिव को किया तलब, बजट सत्र में हंगामा के बाद पहुंचे सदन
भारतीय टीम में अपना स्थान बनाना मेरा लक्ष्य
इधर, इजहार ने कहा कि मेरी शुरू से ही इच्छा थी कि मैं क्रिकेट खिलाड़ी बनकर देश का नाम रोशन करूं। अभी भी मैं सफलता से दूर हूं। लेकिन मेरा लक्ष्य भारतीय टीम में अपना स्थान बनाना है। वही इजहार के पिता मो सलाउद्दीन ने अपने बेटे इजहार की सफलता का श्रेय कोसी क्रिकेट क्लब के सीनियर खिलाड़ी जयचंद और बीरबल सहित साथी खिलाड़ियों को दिया है। छातापुर प्रखंड के ठूठी पंचायत वार्ड 8 स्थित बिल्कुल सुदूर ग्रामीण इलाके का रहने वाले इजहार ने वर्ष 2019 को वीरपुर कोसी क्रिकेट क्लब को ज्वाइन किया था। बीते 6 वर्षों की कड़ी मेहनत और उनके लग्न ने उसे इतनी जल्दी यहां तक पहुंचा है।
पढ़ने के लिए भेजा था वीरपुर, बन गया क्रिकेटर
इजहार के चाचा मो जहांगीर ने बताया कि गांव में क्रिकेट का कोई माहौल नहीं है। यहां किसी बच्चे के साथ इजहार को कभी क्रिकेट खेलते हुए नहीं देखा। इजहार वीरपुर पढ़ाई के लिए गया था। हमलोगों ने तो उन्हें वीरपुर पढ़ने के लिए भेजा था। लेकिन, क्रिकेट में उसकी रुचि देखकर हम लोग बेहद फिक्रमंद थे कि यह लड़का खेल में अपना समय बर्बाद कर कहीं का नहीं रहेगा। लेकिन, इजहार के खेल का जुनून देखकर कोसी क्रिकेट क्लब के वरिष्ठ खिलाड़ी बीरबल और जयचंद ने इस तरह तराशा की आज उसने आईपीएल में नेट बॉलर के रूप में स्थान प्राप्त किया है। उम्मीद है कि वह जल्द ही भारतीय टीम में भी अपनी जगह बनाएगा। आईपीएल उसके लिए सीढ़ी का काम करेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.