{"_id":"6a2aa827aa506afb530be129","slug":"operation-nanhe-farishte-three-hostel-children-rescued-at-gaya-junction-today-bihar-news-gaya-news-c-1-1-noi1233-4382650-2026-06-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: हॉस्टल से भाग ट्रेन से गया पहुंचे मासूम, स्टेशन पर अकेले बैठे थे बच्चे; RPF की सतर्कता से टला बड़ा खतरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: हॉस्टल से भाग ट्रेन से गया पहुंचे मासूम, स्टेशन पर अकेले बैठे थे बच्चे; RPF की सतर्कता से टला बड़ा खतरा
Thu, 11 Jun 2026 06:27 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
गयाजी
गयाजी
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 11 Jun 2026 06:27 PM IST
सार
Bihar: गया जंक्शन पर आरपीएफ ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत हॉस्टल से भागकर पहुंचे तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। बच्चे नवादा के एक रेसिडेंशियल स्कूल के छात्र थे और बिना अभिभावक के स्टेशन पर मिले थे। मानव तस्करी या किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए आरपीएफ ने उन्हें संरक्षण में लेकर भोजन और सहायता उपलब्ध कराई तथा बाद में चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया।
विज्ञापन
आरपीएफ जवान के साथ हॉस्टल से भागे तीन छात्र
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मानव तस्करी और संभावित अनहोनी से तीन नाबालिग बच्चों को बचाते हुए सराहनीय कार्य किया है। हॉस्टल से भागकर गया पहुंचे तीनों बच्चों को ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन के हवाले किया गया।
विज्ञापन
प्लेटफॉर्म पर अकेले बैठे मिले तीन मासूम
पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया को गुरुवार सुबह चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर मकसूद आलम ने सूचना दी कि गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मिडिल फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के नीचे तीन नाबालिग बच्चे अकेले बैठे हुए हैं। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला, उप निरीक्षक मोनिका कुमारी और आरक्षी ओम प्रकाश मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
पूछताछ में सामने आई हॉस्टल से भागने की वजह
आरपीएफ टीम ने बच्चों से बातचीत की तो पता चला कि उनकी उम्र 11 से 12 वर्ष के बीच है और वे नवादा जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं। बच्चों ने बताया कि वे नवादा के अमीपुर स्थित एक रेसिडेंशियल स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं। किसी कारणवश वे गुरुवार सुबह करीब चार बजे हॉस्टल से निकल गए और ट्रेन पकड़कर गया पहुंच गए।
विज्ञापन
अनहोनी और मानव तस्करी की आशंका पर तुरंत एक्शन
बच्चों के साथ कोई अभिभावक नहीं था और वे काफी डरे-सहमे नजर आ रहे थे। ऐसे में आरपीएफ ने आशंका जताई कि वे मानव तस्करी या किसी अन्य अनहोनी का शिकार हो सकते हैं। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तीनों बच्चों को तत्काल रेस्क्यू कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लाया गया।
आरपीएफ ने कराया भोजन, दी सुरक्षा और भरोसा
आरपीएफ पोस्ट पर बच्चों को भोजन के लिए बिस्किट और पीने का पानी उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों ने बच्चों को समझाया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके बाद आगे की कानूनी और सामाजिक प्रक्रिया के लिए बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन गया के केस वर्कर मकसूद आलम को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: दाखिल-खारिज में लापरवाही पड़ी भारी! सीओ और राजस्व कर्मचारी पर कार्रवाई तय, DM ने मांगा 24 घंटे में जवाब
बच्चों की सुरक्षा का मजबूत कवच बना ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते
रेलवे स्टेशनों पर भटके, लापता या संकट में फंसे बच्चों को सुरक्षित बचाने के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते लगातार सफल साबित हो रहा है। गया जंक्शन पर हुई यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि सतर्कता और समय पर हस्तक्षेप से बच्चों को बड़े खतरे से बचाया जा सकता है।