Bihar: शादी के 13 दिन बाद नवविवाहिता की हत्या; मंगलसूत्र विवाद में ससुराल वालों पर गला दबाने का आरोप
Bihar: गया जिले में शादी के 13 दिन बाद नवविवाहिता गीता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने मंगलसूत्र विवाद और प्रताड़ना के बाद ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति समेत दो आरोपी फरार हैं।
विस्तार
बिहार के गया जिले में शादी के महज 13 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आरोप है कि मंगलसूत्र को लेकर चल रहे विवाद और लगातार प्रताड़ना के बीच ससुराल वालों ने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति समेत दो आरोपी अब भी फरार हैं।
मंगलसूत्र बना मौत की वजह
जानकारी के अनुसार, मृतका गीता देवी की शादी 30 अप्रैल को अमित पासवान के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद घर में मंगलसूत्र को लेकर विवाद शुरू हो गया। परिजनों का आरोप है कि गीता का मंगलसूत्र कहीं गुम हो गया था, जिसके बाद ससुराल पक्ष उस पर मायके से नया मंगलसूत्र मंगाने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
बुधवार रात हुई वारदात
बताया जा रहा है कि बुधवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि गीता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन सूचना मिलते ही मायके वाले पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। नवविवाहिता की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
पिता के बयान पर दर्ज हुआ केस
मृतका के पिता शिवा पासवान ने कोच थाना में पति अमित पासवान, सास, ससुर, चाचा ससुर और चचेरी सास समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे बार-बार मायके से सामान लाने के लिए मजबूर किया जाता था।
24 घंटे में चार गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सास कालो देवी, ससुर पुकार पासवान, चचेरा ससुर विरेंद्र पासवान और सुरेंद्र पासवान को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मुख्य आरोपी पति अमित पासवान और एक चचेरी सास अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
ये भी पढ़ें: भोज में हंसी-मजाक बना खूनी संघर्ष! शादी से पहले युवक की पीट-पीटकर हत्या, 11 आरोपी गिरफ्तार
फिर उठे दहेज और प्रताड़ना पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज और घरेलू प्रताड़ना जैसी कुरीतियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी के कुछ दिनों बाद ही एक बेटी की हत्या ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कब तक छोटी-छोटी मांगों और लालच की वजह से बेटियों की जान जाती रहेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.