बिहार: गयाजी में विकास मित्र की गोली मारकर हत्या, प्रार्थना से लौटते समय घात लगाए अपराधियों ने मारी गोली
गयाजी के डेल्हा थाना क्षेत्र में रविवार रात विकास मित्र शंकर मांझी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रार्थना सभा से पत्नी के साथ घर लौट रहे शंकर को घात लगाए अपराधियों ने निशाना बनाया। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
गयाजी के डेल्हा थाना क्षेत्र के बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास रविवार रात अपराधियों ने विकास मित्र शंकर मांझी (45) की गोली मारकर हत्या कर दी। शंकर अपनी पत्नी कविता देवी के साथ जनता कॉलोनी से ईसा मसीह की प्रार्थना में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया। पत्नी से करीब 10 कदम आगे चल रहे शंकर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटनास्थल से तीन खोखे बरामद
परिजनों के अनुसार, शंकर को तीन गोलियां लगीं। इनमें दो गोलियां पेट और एक गोली माथे में लगने की बात बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डेल्हा थाना पुलिस के साथ सिटी एसपी अभिनव कुमार और डीएसपी धर्मेंद्र भारती मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मौके से तीन खोखे बरामद किए। एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
पत्नी ने सुनीता और गोपाल पर साजिश का आरोप
मृतक की पत्नी कविता देवी ने पुलिस को बताया कि वह और उनके पति प्रार्थना से लौट रहे थे। वह आगे चल रही थीं, जबकि शंकर पीछे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उनके पति को गोली मार दी। कविता ने सुनीता देवी और गोपाल पासवान पर हत्या करवाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुनीता और गोपाल के कहने पर मोहल्ले के बंटी और रघु समेत तीन-चार लोगों ने शंकर की हत्या की।
गलत काम का विरोध करने से दुश्मनी का दावा
कविता देवी ने बताया कि उनके पति मोहल्ले में गलत गतिविधियों का विरोध करते थे और लोगों को ऐसा करने से समझाते थे। इसी वजह से कुछ लोगों से उनकी पुरानी दुश्मनी थी। पत्नी का आरोप है कि सुनीता देवी बाहर से लोगों को बुलाकर मोहल्ले में रखती थी और शराब भी भेजती थी। शंकर इन गतिविधियों का विरोध करते थे, जिसके कारण आरोपी उनसे नाराज थे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें- बिहार में चुनाव है : नीतीश कुमार ने अनंत सिंह पर 'काबू' पा लिया? आज JDU के नीरज के नामांकन से पहले दांव
सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि रात करीब नौ बजे डेल्हा थाना पुलिस को शंकर मांझी को गोली मारने की सूचना मिली थी। परिजनों के शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगा है।
फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। सिटी एसपी ने कहा कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

विकास मित्र शंकर मांझी की हत्या, घटनास्थल पर पुलिस टीम जांच करती हुई।