{"_id":"66797c726ac305abb40e43ee","slug":"gaya-news-agniveer-army-recruitment-will-start-from-tomorrow-candidates-from-11-districts-will-participate-2024-06-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: गया में कल से शुरू होगी अग्निवीर सेना भर्ती, 11 जिलों के अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: गया में कल से शुरू होगी अग्निवीर सेना भर्ती, 11 जिलों के अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा
Mon, 24 Jun 2024 07:32 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 24 Jun 2024 07:32 PM IST
सार
Agniveer Army Recruitment: कर्नल द्विवेदी ने बताया कि आयोजित सेना भर्ती रैली के दौरान दक्षिण बिहार के 11 जिलों गया, अरवल, औरंगाबाद, जमुई, रोहतास, जहानाबाद, कैमूर, लखीसराय, नालंदा, नवादा और शेखपुरा के चयनित किए गए 5,494 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। पढ़ें पूरी खबर...।
विज्ञापन
भर्ती निदेशक कर्नल राहुल द्विवेदी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गया में गया-बोधगया मुख्य मार्ग स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-03 के मैदान में मंगलवार से दक्षिण बिहार के 11 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में अग्निवीर सेना भर्ती रैली के लिए लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित पुरुष उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। 25 से 29 जून तक आयोजित होने वाली इस रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, ऑफिस असिस्टेंट, एसकेटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन और सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक और सिपाही फार्मा के अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे। उक्त जानकारी सोमवार को सेना भर्ती कार्यालय, गया के भर्ती निदेशक कर्नल राहुल द्विवेदी ने मीडिया को संबोधित कर दी।
विज्ञापन
इन जिलों के 5,494 अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा
कर्नल द्विवेदी ने बताया कि आयोजित सेना भर्ती रैली के दौरान दक्षिण बिहार के 11 जिलों गया, अरवल, औरंगाबाद, जमुई, रोहतास, जहानाबाद, कैमूर, लखीसराय, नालंदा, नवादा और शेखपुरा के चयनित किए गए 5,494 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि यह रैली तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लेना होगा। इसमें सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद अभ्यर्थी मेडिकल टेस्ट में भाग लेंगे। सफल अभ्यर्थियों को सितंबर महीने में प्रशिक्षण में भेजा जाएगा और अक्तूबर महीने के अंत तक वे अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर सकेंगे।
विज्ञापन
95,549 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में लिया था हिस्सा
कर्नल द्विवेदी ने बताया कि अग्निवीर सेना भर्ती के लिए बिहार-झारखंड के 15 जिलों में विगत 22 अप्रैल से तीन मई के बीच लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में 95 हजार 549 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा में करीब 30 हजार अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें से दक्षिण बिहार के 11 जिलों के 5,494 अभ्यर्थी शामिल हैं।
विज्ञापन
गर्मी को देखते हुए की गई व्यापक व्यवस्था
कर्नल द्विवेदी ने बताया कि गया में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए दौड़ में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए न सिर्फ ठंडे पेयजल और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त अगर कोई अभ्यर्थी बीमार पड़ जाता है तो उसके लिए कूल रूम, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन चिकित्सा की भी व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं रैली के बाद गया रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक छोड़ने के लिए बसों की भी व्यवस्था की गई है। ताकि अभ्यर्थियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।