{"_id":"690f57fd030cbbcd760cfe7d","slug":"election-2025-nitish-kumar-recounted-his-20-years-of-achievements-in-gaya-says-now-there-is-no-fear-in-bihar-2025-11-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar Election: 'अब बिहार में डर नहीं, विकास और कानून का है राज', गया में नीतीश ने गिनाईं 20 साल की उपलब्धियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar Election: 'अब बिहार में डर नहीं, विकास और कानून का है राज', गया में नीतीश ने गिनाईं 20 साल की उपलब्धियां
Sat, 08 Nov 2025 08:17 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गयाजी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गयाजी
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sat, 08 Nov 2025 08:17 PM IST
सार
Bihar Assembly Election 2025: बेलागंज में जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने 20 साल की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि बिहार अब भय से मुक्त और विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया।
विज्ञापन
बेलागंज में चुनाव प्रचार के दौरान जदयू के मुखिया नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को गयाजी जिले के बेलागंज पड़ाव स्थल पर जनता दल (यूनाइटेड) की उम्मीदवार मनोरमा देवी के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर मंत्री विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी मंच पर मौजूद रहे। नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में राज्य में किए गए विकास कार्यों की चर्चा की और पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा।
विज्ञापन
पूर्व सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 साल में बिहार ने काफी प्रगति की है, जबकि पहले की सरकारों के समय राज्य में अराजकता और भय का माहौल था। उन्होंने कहा कि उस समय लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। बहुत कम बच्चे पढ़ते थे और इलाज की कोई व्यवस्था नहीं थी। सड़कें और बिजली नाममात्र की थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर में ‘परिवारवाद’ हावी था और जब सत्ता छोड़ने की बारी आई तो उन्होंने अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। नीतीश ने कहा कि अब बिहार में भय और आतंक का माहौल खत्म हो चुका है और कानून का राज स्थापित हुआ है।
विज्ञापन
विकास और योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
नीतीश कुमार ने बताया कि 2006 से मंदिरों और कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई और शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए। उन्होंने कहा कि बीपीएससी के माध्यम से 2 लाख लोगों की नियुक्तियां की गई हैं। पहले स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या नगण्य थी, जबकि अब वहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आने वाले पांच वर्षों में 1 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदी स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जो किसी अन्य राज्य में नहीं है।
यह भी पढ़ें- Priyanka Gandhi In Katihar: बिहार में प्रियंका पीएम मोदी के कट्टे वाले बयान पर बरसीं, कहा- पद की गरिमा का...
लोगों को राहत देने वाली योजनाओं का जिक्र
नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी है और 1 करोड़ 51 लाख लोगों के खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि भेजी गई है। शेष महिलाओं के खातों में भी तय तारीखों पर राशि भेजी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस राशि को लौटाने का कोई सवाल नहीं है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार का भी उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार को विशेष सहायता के तहत बड़ी राशि मिल रही है, जिससे राज्य तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कानून के राज और सामाजिक समरसता पर जोर
नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में भय और अराजकता का माहौल था, लेकिन अब सभी जाति और धर्मों के लोगों के लिए समान अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना भेदभाव सभी वर्गों के हित में योजनाएं लागू की हैं और आगे भी यही नीति जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: घर में संदिग्ध हालात में मिला पति-पत्नी का शव, बेटों से अलग रहते थे दंपत्ति, पुलिस ने शुरू की जांच