नवादा में आफत की बारिश: अफजल नगर और कमालपुर में बाढ़ जैसे हालात, जनजीवन अस्त-व्यस्त
Bihar: बारिश के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर पानी में डूब गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। जलभराव के कारण विद्युत उपकरणों से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंगलवार को हुई मूसलधार बारिश ने जिले के अफजल नगर और कमालपुर इलाके में तबाही मचा दी। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इन इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़कों और नालों का फर्क मिट चुका है। जलजमाव की स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि 12 से 13 फीट ऊंचे नाले भी ओवरफ्लो कर गए हैं। पानी कई घरों में घुस गया है, जिससे लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।
बिजली आपूर्ति ठप, खतरा दोगुना
बारिश के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर पानी में डूब गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। जलभराव के कारण विद्युत उपकरणों से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, लेकिन राहत व बचाव कार्यों की गति काफी धीमी नजर आ रही है। स्थिति इतनी भयावह है कि लोग खिड़कियों और दरवाजों से झांकते हुए केवल पानी के उतरने का इंतजार कर रहे हैं। सड़कों और नालों में फर्क न रह जाने से गड्ढों में गिरने का खतरा बढ़ गया है। वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद है, जबकि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
पढ़ें: भागलपुर में फूल तोड़ने गई 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म, रिश्ते का चाचा गिरफ्तार; जानें मामला
जनजीवन ठप, जरूरी वस्तुओं की किल्लत
बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। दूध, सब्जी, दवाइयों जैसी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की किल्लत हो गई है। कई दुकानों में पानी घुस गया है, जबकि अन्य दुकानदारों ने खुद ही सुरक्षा के लिहाज से दुकानें बंद कर दी हैं। लोग अपने घरों में कैद होकर दिन-रात गुजारने को मजबूर हैं, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश और जलभराव से फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। खासकर धान की बुवाई के बाद खेतों में अत्यधिक जलभराव होने से फसल के सड़ने का खतरा मंडरा रहा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी, हालात और बिगड़ सकते हैं
मौसम विभाग ने नवादा जिले में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पलायन के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। जिला प्रशासन की ओर से राहत कार्यों की तैयारी शुरू कर दी गई है, लेकिन स्थिति सामान्य होने में समय लग सकता है।