Bihar Election: 'हताश राजद के गुंडों ने टिकारी के प्रत्याशी पर किया हमला', केंद्रीय मंत्री जीतन मांझी बिफरे
Bihar Election: मांझी ने आगे कहा कि हमला बेहद संगठित तरीके से किया गया था गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुईं और अभी तक यह पता नहीं चला है कि वाहनों के ड्राइवर कहां हैं। उन्होंने राज्य सरकार से हमारी मांग दोहराई कि डॉ. अनिल कुमार को तत्काल Y-श्रेणी की सुरक्षा दी जाए।
विस्तार
टिकारी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के दौरान हमारे पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनिल कुमार पर गंभीर हमला हुआ। हमला होने के बाद गुरुवार को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी गया जी शहर के अनुग्रहपुरी कालीन स्थित अनिल कुमार के आवास पर पहुंचकर उनसे मिलने गए। पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री मांझी ने कहा कि यह घटना सोची-समझी साजिश दिखती है।
मांझी ने कहा कि बिहार की वर्तमान स्थिति के कारण विपक्षी लोग हताश हैं। उन्हें लग गया है कि टिकारी विधानसभा उनका हाथ से निकल गया है, इसलिए उन्होंने जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिआ। मांझी ने कहा कि अगर हमारे प्रत्याशी की हत्या हो जाती तो स्थिति बदल जाती और चुनाव नए ढंग से होते, उन्हें यही साजिश नजर आती है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ टिकारी तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि पूरे बिहार में इस तरह की घटनाएं चल रही हैं और आमजन को इससे सबक लेना चाहिए।
मांझी ने आगे कहा कि हमला बेहद संगठित तरीके से किया गया था गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुईं और अभी तक यह पता नहीं चला है कि वाहनों के ड्राइवर कहां हैं। उन्होंने राज्य सरकार से हमारी मांग दोहराई कि डॉ. अनिल कुमार को तत्काल Y-श्रेणी की सुरक्षा दी जाए ताकि चुनावी अभियान बिना रोके-टोक चले। उन्होंने कहा कि प्रशासन से भी संबंधित अधिकारियों सीनियर एसपी, डीजी या गृह सचिव से बात कर सुरक्षा सुनिश्चित करवाई जाएगी।
मांझी ने हमला करने वालों पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की और कहा कि स्पेशल ब्रांच या सीआईडी से पूरी जांच करवाई जाए ताकि पता चल सके कि यह साजिश किसने रची। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की साजिश करता है तो उस पर कड़ी धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
पढे़ं: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीतीश कुमार को बताया 'रिमोट कंट्रोल सीएम', PM मोदी पर भी कसा तंज
उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि गुंडागर्दी, मारपीट और समाज में दहशत फैलाना उनकी आदत रही है। मांझी ने कहा कि यह उनका चरित्र ही है जो सामने आया है और यदि ये लोग सत्ता में आए तो स्थिति और खराब होगी। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने और हिंसा का जवाब वोट से देने की अपील की।
मांझी ने डॉ. अनिल कुमार के संयम की भी प्रशंसा की और कहा कि यदि उनके अंगरक्षक ने गोली चला दी होती तो बड़ा नुक्सान हो सकता था, पर उन्होंने संयम रखा, जिस वजह से स्थिति का बेहतर नतीजा निकला। उन्होंने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का समर्थन बढ़ा है और 14 तारीख़ को एनडीए की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए।