Bihar: पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे के बैनर पर कांग्रेस विधायक का चिपका पोस्टर, जमकर हुआ बवाल; पुलिस पहुंची
Bihar: पीएम मोदी के 22 अगस्त को प्रस्तावित गया दौरे को लेकर भाजपा नेताओं ने हिसुआ समेत कई स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाए थे। इसी दौरान शांति चौक पर लगे मोदी के पोस्टर पर कांग्रेस विधायक नीतू सिंह का पोस्टर चिपका दिया गया। इसी पर बवाल हो गया।
विस्तार
‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तीसरे दिन मंगलवार को नवादा जिले के हिसुआ में सियासी माहौल गरमा गया। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के रोड शो से पहले शांति चौक पर बैनर-पोस्टर को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में जोरदार विवाद हो गया। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 अगस्त को प्रस्तावित गया दौरे को लेकर भाजपा नेताओं ने हिसुआ समेत कई स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाए थे। इसी दौरान शांति चौक पर लगे मोदी के पोस्टर पर कांग्रेस विधायक नीतू सिंह का पोस्टर चिपका दिया गया। इसे लेकर पूर्व विधायक और भाजपा नेता अनिल सिंह नाराज हो गए और मौके पर धरने पर बैठ गए।
कुछ ही देर में दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए और नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। एसडीपीओ राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने नौटंकी की तो सीधे जेल भेज दिए जाएंगे। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए कुछ समय के लिए भाजपा नेताओं व समर्थकों को हिरासत में भी लिया।
पढ़ें: वोटर अधिकार यात्रा पहुंची नवादा, हिसुआ और वारिसलीगंज; राहुल और तेजस्वी ने चुनाव आयोग-BJP पर बोला हमला
रोड शो से पहले गरमाया माहौल
इधर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव नवादा जिले में 'वोटर अधिकार यात्रा' के तहत रोड शो कर रहे हैं। यात्रा हिसुआ, वारिसलीगंज और नवादा शहर से होकर गुजर रही है। कांग्रेस-राजद कार्यकर्ताओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं भाजपा भी प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारी में जुटी है। यात्रा के दौरान हिसुआ थाने के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ के नारे लगाए। इस पर राहुल गांधी ने गाड़ी रुकवाई, प्रदर्शनकारियों की ओर देखकर थम्स-अप किया और मुस्कुराते हुए फ्लाइंग किस देकर आगे बढ़ गए।