Bihar News: तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार अग्निवीर जवान को रौंदा, मौके पर ही मौत; घर में छाया मातम
Aurangabad News: मृतक के दादा विनय वर्मा ने बताया कि रोहित अभी अविवाहित था और घर का सबसे प्यारा सदस्य था। सेना में शामिल होने के बाद से पूरे परिवार को उस पर गर्व था, लेकिन अब उसकी असमय मौत ने सबको तोड़कर रख दिया है।
विस्तार
औरंगाबाद में एनएच-139 पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में सेना में कार्यरत अग्निवीर जवान रोहित वर्मा (20) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाली घटना ओबरा थाना क्षेत्र के खरांटी पुल के पास की है, जहां एक अनियंत्रित हाइवा ने उनकी बाइक को कुचल डाला। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरा गांव मातम में डूब गया।
यह भी पढ़ें- Election 2025: तेजस्वी बोले- बिहार को चाहिए नया CM, INDIA करेगा NDA का सफाया; कांग्रेस के सीट मांगने पर यह कहा
जम्मू में था तैनात, छुट्टी पर घर आया था जवान
जानकारी के मुताबिक, रोहित वर्मा गोह थाना क्षेत्र के दधपी गांव निवासी धनंजय वर्मा के पुत्र थे। वह जम्मू में अग्निवीर के रूप में सेना में तैनात थे। तीन साल की सेवा पूरी करने के बाद वह हाल ही में छुट्टी पर अपने गांव आए थे। मंगलवार को वह बाइक से किसी निजी कार्य के लिए औरंगाबाद जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने खरांटी पुल के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद फरार हुआ हाइवा चालक
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
यह भी पढ़ें- Bihar: तालाब से युवक का शव संदिग्ध हालत में बरामद, शराब का टेट्रा पैक और खून सना गमछा मिलने से गहराया रहस्य
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
रोहित की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के लिए शव के साथ अस्पताल पहुंचे मृतक के दादा विनय वर्मा ने बताया कि रोहित अभी अविवाहित था और घर का सबसे प्यारा सदस्य था। सेना में शामिल होने के बाद से पूरे परिवार को उस पर गर्व था, लेकिन अब उसकी असमय मौत ने सबको तोड़कर रख दिया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.