Bihar Crime: दिनदहाड़े छह लाख रुपये की लूट, हथियार के बल पर वारदात को दिया अंजाम; CCTV फुटेज देख रही पुलिस
मधुबनी के जयनगर में बेखौफ अपराधियों ने रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के मैनेजर से हथियार के बल पर दिनदहाड़े 6 लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
विस्तार
मधुबनी जिले के जयनगर में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जयनगर थाना क्षेत्र में दो अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के मैनेजर से करीब 6 लाख रुपये लूट लिए।
मिली जानकारी के अनुसार रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के मैनेजर धर्मेंद्र कुमार नकदी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान हेलमेट पहने दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। हथियार दिखाकर धमकाते हुए अपराधियों ने उनके पास मौजूद करीब 6 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही जयनगर डीएसपी सदानंद कुमार और थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पढ़ें: अभिषेक बनर्जी पर अंडा फेंकने की घटना ‘नाटक’ जैसी लगी, बाबूलाल मरांडी बोले; बंगाल सीएम की तारीफ की
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। जयनगर नेपाल सीमा से सटा इलाका है। ऐसे में अक्सर अपराधी वारदात को अंजाम देकर सीमा पार नेपाल की ओर फरार हो जाते हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।