Bihar: दहेज की बलि चढ़ी पूजा; ससुराल में कुदाल से काटकर विवाहिता की बेरहमी से हत्या, मायके में पसरा मातम
Bihar: मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र में दहेज और पारिवारिक विवाद के बीच 25 वर्षीय पूजा कुमारी की कथित रूप से ससुराल वालों ने कुदाल से गर्दन काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुर, सास और पति को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
बिहार के मधुबनी जिले में एक बार फिर विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ताजा मामला खजौली थाना क्षेत्र के सुक्की पंचायत स्थित सुक्की घाट टोल वार्ड संख्या-13 का है, जहां गुरुवार को 25 वर्षीय पूजा कुमारी की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि ससुराल वालों ने कुदाल से गर्दन काटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है।
दहेज और पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूजा कुमारी का अपने ससुराल पक्ष के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दहेज को लेकर भी अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी। गुरुवार को विवाद इतना बढ़ गया कि विवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि ससुर ने कुदाल से हमला कर पूजा की गर्दन काट दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें: स्कूल से लौटते वक्त लापता हुई किशोरी 13 साल बाद मिली, मौसेरे भाई संग रह रही; अब 4 बच्चों की मां
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर, सास और पति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी रही। टीम ने मौके से एक कुदाल और लाठी बरामद की है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, इलाके में लगातार बढ़ रही विवाहिता हत्याओं की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.