Bihar News: इलाज कराने आया कैदी पुलिस को चकमा देकर हुआ फरार, ICU के शौचालय की खिड़की तोड़कर भागा; जानें
Bihar: बताया जा रहा है कि कैदी सूरज कुमार मानसिक रूप से कमजोर है। उसे चोरी के एक मामले में बहेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इलाज के लिए उसे तीन सिपाहियों की निगरानी में डीएमसीएच भेजा गया था।
विस्तार
दरभंगा में डीएमसीएच के मेडिसिन आईसीयू में भर्ती एक कैदी रविवार देर रात पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार कैदी की पहचान सूरज कुमार झा के रूप में हुई है, जो बेनीपुर उपकारा में चोरी के एक मामले में बंद था। कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही बेंता थाना सहित पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश में जुट गए हैं। डीएमसीएच परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
कैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात सिपाही प्रहलाद कुमार ने बताया कि 19 अप्रैल को सूरज कुमार झा की तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए डीएमसीएच लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मेडिसिन आईसीयू में भर्ती कर दिया। रविवार देर रात उसने शौचालय जाने की बात कही। सिपाही ने उसके हाथों में हथकड़ी लगाकर शौचालय ले गया। इसी दौरान कैदी ने शौचालय की खिड़की तोड़ दी और हथकड़ी छुड़ाकर फरार हो गया।
पढ़ें: 'आपकी बेटी ने आत्महत्या कर ली'...ससुराल से फोन आने पर हांफते-कांपते पहुंचे पिता; हत्या का लगाया आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है और तलाश तेज कर दी गई है। हालांकि अब तक कैदी का कोई सुराग नहीं मिल सका है। बताया जा रहा है कि कैदी सूरज कुमार मानसिक रूप से कमजोर है। उसे चोरी के एक मामले में बहेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इलाज के लिए उसे तीन सिपाहियों की निगरानी में डीएमसीएच भेजा गया था। बेंता थाना की पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।