Bihar : मिथिला संस्कृत शोध संस्थान में सिक्योरिटी गार्ड की संदेहास्पद मौत; अज्ञात जहरीले पदार्थ के सेवन की बात
दरभंगा के मिथिला संस्कृत शोध संस्थान में कार्यरत 23 वर्षीय निजी गार्ड श्रवण यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मामला अज्ञात जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा बताया जा रहा है, पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
मिथिला संस्कृत शोध संस्थान में कार्यरत एक निजी सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसकी मौत किसी अज्ञात जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई बताई जा रही है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जहर उसने स्वयं खाया या किसी ने उसे दिया। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय श्रवण यादव के रूप में हुई है। बताया गया है कि ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
आखिर क्या है असली वजह?
इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार मामला ‘अज्ञात विषाक्तता’ (अननोन प्वाइजनिंग) का प्रतीत होता है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि किस प्रकार का जहर सेवन किया गया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
मृतक के मामा ने बताया कि श्रवण यादव मिथिला संस्कृत शोध संस्थान में निजी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। बीती रात करीब 12 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें डीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- Bihar: पनोरमा ग्रुप पर 66 घंटे की IT रेड से मचा हड़कंप, नकदी और गहने बरामद; जानें क्या बोले सीएमडी?
इलाज के दौरान निधन हुआ
वहीं, मृतक के भाई शशांक कुमार ने बताया कि श्रवण की शादी नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि उनकी ड्यूटी सामान्यतः दिन में रहती थी। रात में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें चक्कर आया और वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
इस संबंध में बेंता थाना अध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।