{"_id":"6a2bce6d5a0adc699b0d3bc2","slug":"bihar-news-grandson-went-to-temple-with-grandfather-missing-three-daysunknown-person-calls-demands-money-darbhanga-news-c-1-1-noi1239-4385893-2026-06-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: दादा के साथ मंदिर गया गौरव रहस्यमय तरीके से हुआ लापता, फिर आया फोन ‘बच्चा चाहिए तो पैसे दो’","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: दादा के साथ मंदिर गया गौरव रहस्यमय तरीके से हुआ लापता, फिर आया फोन ‘बच्चा चाहिए तो पैसे दो’
Fri, 12 Jun 2026 04:30 PM IST
दरभंगा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा
Published by: दरभंगा ब्यूरो
Updated Fri, 12 Jun 2026 04:30 PM IST
सार
Bihar: दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कटासा गांव का 13 वर्षीय गौरव कुमार 9 जून से लापता है। वह अपने दादा के साथ बटेश्वर बाबा मंदिर गया था और मंदिर परिसर से अचानक गायब हो गया। घटना के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पैसे की मांग की, लेकिन बाद में इसे मजाक बताया।
विज्ञापन
फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कटासा गांव से 9 जून को दादा राजकुमार साह के साथ पूजा करने बटेश्वर बाबा मंदिर गया 13 वर्षीय पोता गौरव कुमार पिछले तीन दिनों से लापता है। परिजनों को किसी अनहोनी की चिंता सता रही है। परिवार वालों ने काफी खोजबीन करने के बाद सिंहवाड़ा थाना पुलिस से उसे खोजने की गुहार लगाई है। हालांकि घटना के बाद एक अनजान व्यक्ति का फोन कॉल आया, जिसने गौरव की वापसी को लेकर पैसे की मांग की थी। पैसे मांगने वाली कॉल का ऑडियो रिकॉर्ड किया गया है, जिसे जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।
विज्ञापन
पहले मांगा पैसा फिर मुकर गया शख्स
हालांकि बाद में कॉल करने वाला व्यक्ति अपने बयान से मुकर गया और उसने कहा कि उसने इंस्टाग्राम पर बच्चे के गायब होने की सूचना देखकर मजाक में फोन किया था, बच्चा उसके पास नहीं है। पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है कि आखिर उसने किस आधार पर फोन किया था।
विज्ञापन
दादा की आंखों के सामने मंदिर से गायब हो गया गौरव
गौरव के दादा राजकुमार साह ने बताया कि वह केदारनाथ साह उच्च विद्यालय में 9वीं कक्षा का छात्र है। उन्होंने बताया कि 9 जून को वह गौरव के साथ मंदिर गए थे। वे उसे मंदिर के चबूतरे पर बैठाकर पूजा करने अंदर चले गए थे। जब लगभग 10 मिनट बाद पूजा करके बाहर आए, तब गौरव वहां से गायब था। उन्होंने पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि गौरव के पिता की पहले ही सांप काटने से मौत हो चुकी है। वहीं गौरव की दादी गीता देवी ने बताया कि कुछ दिनों पहले कुत्ते ने उसे काट लिया था। पंडित जी के कहने पर वह पूजा की थाली लेकर मंदिर गया था।
विज्ञापन
बेटे के लापता होने से बढ़ी चिंता
गौरव की मां गुड़िया देवी ने बताया कि उनके पति की गुजरात में काम करने के दौरान सांप के काट लेने से मौत हो गई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। उन्होंने कहा कि गांव में उनका किसी से न तो कोई जमीनी विवाद है और न ही किसी प्रकार की दुश्मनी। फिर उनका बेटा आखिर कहां चला गया। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ये भी पढ़ें: दिल्ली जा रहे बिहार के ट्रेलर चालक की यूपी में हत्या, शव नाले में फेंका; गांव में मचा कोहराम
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस संबंध में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार झा ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है और शीघ्र ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा।