Darbhanga AIIMS: दरभंगा एम्स शिलान्यास की तैयारियां जोरों पर, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा इंतजाम कड़े
Darbhanga AIIMS foundation stone: दरभंगा में एम्स के शिलान्यास स्थल पर तेजी से जमीन समतलीकरण का काम चल रहा है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए एक अस्थायी थाना स्थापित किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार में दूसरे एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के निर्माण के लिए दरभंगा जिले के सोभन बाइपास क्षेत्र में शिलान्यास की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन की संभावनाओं के चलते पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जनसभा भी आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री देश और राज्य के विकास को लेकर जनता को संबोधित करेंगे।
जमीन समतलीकरण से लेकर अस्थायी थाने की स्थापना तक तैयारी पूरी
शिलान्यास स्थल पर तेजी से जमीन समतलीकरण का काम चल रहा है, जहां सैकड़ों मजदूर और दर्जनों हाईवा और जेसीबी मशीनें जुटी हुई हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए एक अस्थायी थाना स्थापित किया गया है। इस थाने का नेतृत्व अवर निरीक्षक अनोज कुमार कर रहे हैं। वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
छह हेलीपैड और विशाल पंडाल का निर्माण
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टरों के लिए यहां पर छह हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दरभंगा एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से सोभन पहुंचेंगे और एम्स निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने के लिए आज बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे दरभंगा में उपस्थित रहेंगे। वे तैयारियों की समीक्षा के बाद जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे।
स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल
बिहार के दूसरे एम्स के शिलान्यास से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। यह परियोजना 1,261 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की जाएगी और इसमें कुल 750 बेड की व्यवस्था होगी। बिहार सरकार ने एम्स के लिए 188 एकड़ भूमि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को हस्तांतरित कर दी है। अगर आवश्यक हुआ तो और भूमि भी उपलब्ध कराई जाएगी। निर्माण का जिम्मा HSCC कंपनी को सौंपा गया है, जिसे अगले 36 महीनों में इस प्रोजेक्ट को पूरा करना है।
जदयू और भाजपा कार्यकर्ताओं का जनसंपर्क अभियान
शिलान्यास कार्यक्रम में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जदयू और भाजपा के कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी छठ के समाप्त होने के बाद से ही लोगों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।
आशा और विकास की उम्मीद
इस कार्यक्रम को लेकर दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों के लोग उत्साहित हैं। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के शिलान्यास से बिहार के स्वास्थ्य ढांचे में सुधार की उम्मीद जगी है। एम्स के निर्माण से न केवल दरभंगा बल्कि आसपास के जिलों में भी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, जिससे लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।