छठ महापर्व 2026: नहाय-खाय के साथ आज से शुरू चार दिवसीय अनुष्ठान, जानिए कहां क्या चल रहा?
आज से लोक आस्था के महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। ब्रह्म मुहूर्त से ही व्रती छठ घाटों पर स्नान के लिए पहुंचीं। घर से लेकर बाजार और नदी के तट पर छठी मैया की गीत बज रहे हैं। लोगों में उत्साह है। आइए जानते हैं कहां क्या चल रहा?
विस्तार
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा, सारण, पूर्णिया, कोसी, मुंगेर और गया प्रमंडल के सभी जिलों में उत्सव का माहौल बनने लगा है। घरों से लेकर बाजारों तक पर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। कहीं छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है तो कहीं व्रती और उनके परिजन पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की शुरुआत होगी। नदी घाटों पर सुबह से ही व्रतियों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्नान के बाद घाट पर पूजा किया। इसके बाद व्रतियों ने एक दूसरे को सिंदूर लगा। इसके साथ ही सूर्य उपासना और कठिन व्रत का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जिसका समापन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ होगा।
छठ की तैयारियों का असर शहर के बाजारों में भी साफ दिखाई दे रहा है। चौक-चौराहों और प्रमुख बाजारों में पूजन सामग्रियों की अस्थायी दुकानें सज गई हैं। सूप, दउरा, नारियल, गन्ना, फल और अन्य पारंपरिक सामग्रियों की खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। महंगाई के बावजूद खरीदारी को लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं दिख रही है। नहाय-खाय से एक दिन पहले गुरुवार की शाम तक बाजार में एक लौकी की कीमत 200 रुपये तक पहुंच गई थी।
गांवों की गलियों से लेकर शहर के बाजारों, घरों, वाहनों और रेलवे स्टेशनों तक छठ के लोकगीत सुनाई देने लगे हैं। इस महापर्व की विशेषता है कि इसमें किसी भव्य आयोजन से अधिक शुद्धता, सादगी, प्रकृति और लोक परंपराओं को महत्व दिया जाता है। बिहार से निकली छठ की परंपरा आज देश के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल, मॉरीशस सहित कई देशों तक पहुंच चुकी है। देश-विदेश में रहने वाले भारतीय मूल के लोग भी पूरी श्रद्धा के साथ इस पर्व को मनाते हैं।
चार दिनों तक सूर्य उपासना का विशेष विधान
शुक्रवार : नहाय-खाय से महापर्व की शुरुआत
- छठ का पहला दिन नहाय-खाय के नाम होता है। इस दिन व्रती स्नान कर घर और रसोई की साफ-सफाई करते हैं। भोजन तैयार करने में विशेष शुद्धता बरती जाती है। परंपरा के अनुसार लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। इसी के साथ व्रती छठ के नियमों का पालन शुरू करते हैं।
शनिवार : खरना के बाद शुरू होगा निर्जला व्रत
- दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान होगा। व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल का त्याग करते हैं।
रविवार : अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
- 15 नवंबर को व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों पर बने छठ घाटों पर पहुंचेंगे। बांस अथवा पीतल के सूप में ठेकुआ, फल, गन्ना और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के मंगलमय जीवन की कामना की जाएगी।
सोमवार : उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ समापन
- 16 नवंबर को महापर्व का अंतिम अनुष्ठान होगा। व्रती सूर्योदय से पहले घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद पूजा-अर्चना कर पारण करेंगे। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा।