Bihar Police : ट्रेन से कट कर महिला सहित दो बच्चों की मौत; हत्या का आरोप लगाया तो पिता और भाई को पीटा
Bihar : ट्रेन से कटकर एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। मृतका के पिता और भाई इस बात की शिकायत जब मृतका के ससुराल वालों से की तो उनलोगों ने पिता-पुत्र की जमकर पिटाई कर दी। अब पुलिस उन्हें ढूंढ रही है।
विस्तार
भोजपुर जिला में ट्रेन से कट कर महिला सहित दो बच्चों की हुई दर्दनाक मौत हो गई। मृतका के पिता ने महिला के ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटी के ससुराल में हुए झगड़ा के बाद मुझे और मेरे बेटे को भी मारकर बेटी के ससुराल वालों ने घायल कर दिया है। मामला भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-सासाराम रेल खंड पर सेमरांव हाल्ट के समीप की है। मृतकों में चरपोखरी के दुलौर टोला निवासी पिंटू सिंह की पत्नी गुड्डी देवी (26), दो पुत्र पतलू कुमार ( ढाई वर्षीय) और चटलू कुमार (एक वर्षीय) शामिल हैं। शुरुआती जांच में मौत का कारण ट्रेन से कटना बताया जा रहा था, जबकि मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वालों ने तीनों की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना पटना -सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से हुई है।
पलंग, बाइक और सोने की चेन के लिए करते थे प्रताड़ित
मृतका के पिता का कहना है कि वह गडहनी थाना क्षेत्र के इसपूरा के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी बेटी गुड्डी की शादी 2019 में चरपोखरी थाना क्षेत्र के दुलौर निवासी पिंटू से की थी। शादी के समय हमने उन्हें कुछ भी सामान नहीं दिया था जिस वजह से शादी के बाद से ये लोग मेरी बेटी को प्रताड़ित करने लगे।
पंचायत होने के बाद भी करता था मारपीट
हालांकि पिंटू बाहर रहकर कमाता है लेकिन जब भी घर आता है तो बाइक और सोने का चेन की मांग को लेकर गुड्डी के साथ मारपीट करता है। विगत दस दिन पहले वह बाहर से आया था। आते के साथ ही फिर उसी तरह मारपीट करने लगा। फिर वह वापस बाहर चला गया। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी लेकिन इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।
कल भी लड़की ने मायके किया था फोन
मृतका के पिता ने बताया कि कल भी उसने फोन किया था कि मेरे साथ येलोग मारपीट कर रहे हैं। गुड्डी ने फोन पर कहा था कि आप आईये, लेकिन मैं नहीं सका। मुझे क्या पता कि ये लोग बच्चों सहित मेरी बेटी की हत्या कर देंगे।
मृतका के पिता और भाई के साथ भी की मारपीट
इनका कहना है कि जब मैं घटना की सूचना मिलने के बाद यहां पहुंचा और मैंने हत्या करने की बात कहने लगा तो मेरी बेटी के ससुराल के लोग मुझे पीटने लगे। इनलोगों ने मारकर मेरा सिर फोड़ दिया।
ससुराल पक्ष कह रहे दूसरी बात
घटना के संबंध में चरपोखरी थानाध्यक्ष संजय सिन्हा का कहना है कि मृतका के ससुराल पक्ष का कहना है कि गुड्डी देवी सुबह पहर घर से बच्चों को लेकर दवा के लिए निकली थी। इस बीच हादसा हो गया, जबकि मायके पक्ष के लोग हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगा रहे हैं। उन्हें सबसे पहले रेलवे के माध्यम से सूचना मिली कि पटना -सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस से कटकर महिला और बच्चों की मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों शवों का पंचनामा बनाया। परिजन के लगाए आरोप पर भी जांच की जा रही है।