फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar News : PM Narendra Modi announcement on cm face bihar election 2025 nitish kumar ladle cm

Bihar News : पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को बताया 'लाडला मुख्यमंत्री', लेकिन जदयू का अरमान भी तोड़ा

सार

PM Modi in Bhagalpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के चुनावी साल में भागलपुर आए तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'हमारे लाडले' कहकर संबोधित किया, हालांकि उन्होंने नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाईटेड का अरमान तोड़ डाला।

विज्ञापन
Bihar News : PM Narendra Modi announcement on cm face bihar election 2025 nitish kumar ladle cm
बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

विस्तार

जनता दल यूनाईटेड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भागलपुर दौरे के लिए भारतीय जनता पार्टी से कम ताकत नहीं झोंकी थी, लेकिन पार्टी को जिसका इंतजार था- नहीं हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन के अंत में चुनाव का नाम लिए बगैर आगे भी जन-समर्थन मांगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा कुछ संकेतों में भी नहीं कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर के मंच से संबोधन की शुरुआत में जब मंचासीन नेताओं का नाम लेना शुरू किया तो नीतीश कुमार को लेकर 'हमारे लाडले मुख्यमंत्री' कहा, लेकिन जदयू की उम्मीद इस बार भी अधूरी रह गई। एक बड़े मंच से पीएम मोदी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नीतीश कुमार को चेहरा बता सकते थे, लेकिन नहीं बताया। 

विज्ञापन


तो, यह भी एक कारण हो सकता है!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम की कई बार सराहना की। उनके मुख्यमंत्री बनने के पहले क्या होता था, यह भी बताया। सुशासन के पहले कुशासन और जंगलराज तक की बात की। जनता दल यूनाईटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के केंद्रीय मंत्री के रूप में कामकाज की भी सराहना की। लेकिन, जिस बात का जदयू को बेसब्री से इंतजार था, वही नहीं हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बिहार चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का चेहरा होंगे, इस घोषणा का इंतजार हो रहा था। यह इंतजार अंतिम समय तक धरा रह गया, लेकिन पीएम मोदी ने यह एलान नहीं किया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार मंच पर राज्यपाल की उपस्थिति एक कारण हो सकता है, हालांकि इस एक घोषणा के नहीं होने से बिहार में असमंजस की स्थिति बनी रहेगी- यह तय है।
विज्ञापन


शाह से असमंजस की शुरुआत, अब भी वही हाल
सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी ने एक साथ काम करने की बातें दुहराईं, लेकिन बिहार की राजनीतिक असमंजस को खत्म करने का प्रयास नहीं किया गया। इस असमंजस की शुरुआत महाराष्ट्र में बहुमत के बाद भाजपा का चेहरा बदलने के बाद से हुई थी। बार-बार यह बात हवा में उड़ने लग रही है कि भाजपा बिहार में भी महाराष्ट्र जैसा कुछ खेल कर सकती है। इस असमंजस की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चुप रहने के बाद से हुई थी, जब उन्होंने बिहार में नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव लड़ने के सवाल का जवाब नहीं दिया था। उसके बाद से बार-बार विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल सीएम नीतीश कुमार के साथ महाराष्ट्र जैसा धोखा होने की बात उठा रहे हैं। मीडिया का एक वर्ग (अमर उजाला नहीं) नीतीश कुमार के तीसरी बार पलटने की खबरें चलाता रहा है। ऐसी बातें वीडियो के रूप में भी वायरल होती रही हैं। ऐसा कुछ होने की संभावना नहीं दिख रही है और इसकी वजह 'अमर उजाला' सामने ला चुका है। जदयू नेताओं का मानना था कि सभी असमंजस भागलपुर में पीएम के भाषण के बाद खत्म हो जाएंगे, लेकिन नीतीश कुमार को अगले चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा बनाए जाने की बात नहीं कहकर कुछ अधूरा छोड़ ही दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन



मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि आज बड़ी खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमलोगों के बीच आज भागलपुर आये हैं। मैं आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करता हूं। यहां उपस्थित सभी लोगों का मैं हार्दिक अभिनंदन करता हूं। ये हमारे लिये सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री द्वारा बिहार से देशभर के किसानों के लिये किसान सम्मान निधि की राशि उनके खाते में भेजी जा रही है, इसमें बिहार के 76 हजार से अधिक किसान भी शामिल हैं। यह केंद्र सरकार की बहुत महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें सीधा किसानों को फायदा मिल रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमने शुरू से ही कृषि पर जोर दिया है। इसके लिये कृषि रोड मैप बनाकर कृषि विकास कार्यक्रम चलाये गये। वर्तमान में चौथा कृषि रोड मैप क्रियान्वित है। कृषि रोड मैप लागू करने से कृषि का उत्पादन काफी बढ़ा है। साथ ही दूध, अंडा, मांस एवं मछली का उत्पादन भी बहुत बढ़ गया है। पहले हम यहां मछली दूसरे राज्यों से मंगाते थे। अब मछली के उत्पादन में हम आत्मनिर्भर हो गये हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है और बिहार के विकास में भी इनका सहयोग मिल रहा है। पिछले बजट में बिहार के लिये आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं बाढ़ नियंत्रण के लिये बड़ी राशि देने की घोषणा की गई। इस वर्ष के बजट में भी बिहार में मखाना बोर्ड, ग्रीन फिल्ड एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिये वित्तीय सहायता, राष्ट्रीय स्तर के प्रसंस्करण संस्थान की स्थापना एवं पटना आई०आई०टी० के विस्तार की घोषणा की गई। पिछले बजट में भी सरकार बनने के बाद भी बिहार को सहायता दी गयी थी। इन सब चीजों के लिये मैं आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से अभिनंदन करता हूं, धन्यवाद देता हूं। बिहार की प्रगति में केंद्र का सहयोग सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग यहां 24 नवंबर 2005 को सरकार में आये। हमलोगों की सरकार बनी थी तब से हमलोग बिहार के विकास में लगे हुए हैं और सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। जब हमलोग पहली बार सरकार में आये थे तो उस समय क्या स्थिति थी? शाम के बाद कोई घर से बाहर नहीं निकलता था, ये बुरा हाल था। समाज में हिंदू-मुस्लिम का भी झगड़ा वो लोग कराते रहते थे। वोट मुस्लिम का ले लेते थे लेकिन झगड़ा होते रहता था। पढ़ाई की स्थिति खराब थी। उनलोगों के कार्यकाल में इलाज का पूरा इंतजाम नहीं था। सड़कें बहुत कम थीं और जो सड़कें थीं उनका बुरा हाल था। बिजली तो बहुत कम थी। देहाती इलाकों में कहां बिजली थी? राजधानी पटना में मुश्किल से 8 घंटे बिजली रहती थी। सरकार में आने के बाद हमलोगों ने काफी काम किया। राज्य में कहीं भी भय का वातावरण नहीं है। राज्य में प्रेम, भाईचारा और शांति का माहौल है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी सहित सभी क्षेत्रों में काफी काम किया गया है। वर्ष 2005-06 में राज्य का बजट मात्र 28 हजार करोड़ रुपया था। हमलोगों की सरकार तो 24 नवंबर 2005 में आई थी। हमलोगों ने लगातार काम किया और अब बिहार का बजट 3 लाख करोड़ से अधिक का हो गया है। प्रधानमंत्री जी का सब तरह से सहयोग मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में हम प्रगति यात्रा में सभी जिलों में गये। सभी जिलों में विकास के कामों को देखा, जहां पर जो काम बचे या कमी रह गई उसका आंकलन किया गया। आप जानते हैं कि 400 से अधिक नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, जिन पर लगभग 30 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। हमलोगों ने देख लिया है, जहां-जहां जो कमी रह गई है उसको पूरा किया जायेगा। हमलोग मिलकर काम करेंगे और बिहार को विकसित राज्य बनाने का सपना पूरा करेंगे। देश को विकसित बनाने में हमलोग अपना योगदान देंगे। इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद देता हूं। आदरणीय प्रधानमंत्री जी आ गये हैं, तो इस क्षेत्र के विकास के लिये भी और काम होगा। पूरे बिहार के विकास के लिये काम होगा। ये पूरे देश के विकास के लिये काम कर रहे हैं। पूरे देश में इन्हीं के नेतृत्व में आगे और काम बढ़ेगा। हमलोग मिलकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही जिस तरह से बिहार के लिये हमलोग काम कर रहे हैं, अगली बार जो चुनाव होनेवाला है उसमें भी आपलोगों से यही उम्मीद करते हैं कि जैसे पहले सहयोग दिया था, फिर उसी तरह से पूरा सहयोग दीजियेगा।


कार्यक्रम से पूर्व आयोजित रोड शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुये। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय पंचायती राज सह मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed