Bihar News : पटना में दिनदहाड़े डकैती; फाइनेंस कंपनी में घुसे अपराधी, स्टाफ को बंधक बनाकर लूटे आठ लाख कैश
सिटी एसपी पश्चिम राजेश कुमार ने बताया कि महिंद्रा फाइनेंस कंपनी से आठ लाख रुपये के लूट की सूचना मिली है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरा को खंगाने में जुट गई है।
विस्तार
पटना के बिहटा में शनिवार को दिनदहाड़े हथियार के बल पर अपराधियों ने फाइनेंस कंपनी डकैती की है। अपराधियों ने फाइनेंस कंपनी के सभी स्टाफ को बंधक बनाकर आठ लाख कैश लूट लिए। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक सभी अपराधी फरार हो गए। इधर, वारदात की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पश्चिम, दानापुर एएसपी, बिहटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल कायम हो गया। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
सभी को स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया अपराधियों ने
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बिहटा बाजार में महिंद्रा फाइनेंस कंपनी का आउटलेट है। शनिवार को आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी ग्राहक बनकर महिंद्रा फाइनेंस कंपनी में घुस गए। बताया जा रहा है कि सभी अपराधी कंपनी में घुसते ही वहां के स्टाफ को हथियार के बल पर अपने कब्जे में लिया और सभी को स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया। इसके बाद लॉकर में रखे गए आठ लाख कैश लूट लिये। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी आराम से वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बिहटा थाने को दी। बिहटा थाने के पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
अपराधियों की तलाश में चल रही छापेमारी
मामले में सिटी एसपी पश्चिम राजेश कुमार ने बताया कि महिंद्रा फाइनेंस कंपनी से आठ लाख रुपये के लूट की सूचना मिल रही है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरा को खंगाने में जुट गई है। घटना के बाद पुलिस पूरे इलाके को सील कर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने आज हुई घटना के लिए पुलिस प्रशासन पर उंगली उठाते हुए कहा कि आए दिन यहां लगातार अपराध की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय थाना की पुलिस अपराध को रोक पाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार अपराध की घटना की जानकारी के लिए स्थानीय थाना को फोन किया जाता है, लेकिन थाना प्रभारी द्वारा फोन रिसीव नहीं किया जाता।