Bihar News : भागलपुर में बम धमाका, मकान जमींदोज; बेटे की मौत, मां की हालत गंभीर
भागलपुर शहर एक बार फिर से दहल गया। शनिवार शाम बबरगंज इलाके के हुसानाबाद में एक मकान में तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि पल भर में पूरा मकान जमींदोज हो गया।
विस्तार
भागलपुर शहर एक बार फिर से दहल गया। शनिवार शाम बबरगंज इलाके के हुसानाबाद में एक मकान में तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि पल भर में पूरा मकान जमींदोज हो गया। इसमें 16 साल के लड़के की मौत हो गई। वहीं उसकी मां की हालत गंभीर है। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। इधर, तेज धमाके की गूंज करीब 2 किलोमीटर के एरिया में सुनाई दी।
मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बबरगंज थानेदार राज रतन ने कहा कि धमाके की सूचना मिली है। मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अब्दुल गनी उर्फ वाडिल के घर में ब्लास्ट हुआ
मरने वाले की पहचान तौसीफ आलम (17) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मो. अब्दुल गनी उर्फ वाडिल के घर में ब्लास्ट हुआ है। इसमें उसकी पत्नी सुल्ताना खातून घायल हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और इस घटना के पीछे जो भी है उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करे। वहीं तौसीफ के पिता का कहना है कि बम धमाके में ही उसके बेटे की जांच गई है। इधर, घर के मालिक अब्दुल गनी का साफ कहना है कि यह बम विस्फोट था और बम कहां से आया था उन्हें नहीं पता। वह मोहल्ले वाले से पूछ रहे हैं। वही यहां के वार्ड पार्षद पति का कहना है कि यहां पर बम का जखीरा रखा हुआ था जैसे उन्हें सूचना है, और उसी में विस्फोट हुआ है। बम क्यों रखा गया था अभी तक कोई नहीं बता पा रहा है।