Bihar News : सीवरेज निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, तीन मजदूर खड्डे में गिरे, दो ने गंवाई जान
Bihar : बिहार में सीवरेज निर्माण कार्य में दो मजदूरों की मौत हो गई। उनमें एक की हालत गंभीर है। नगर निगम का कार्य करने में तीन लोग गहरे गड्ढे में गिर गये थे।
विस्तार
मुजफ्फरपुर में स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्य के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में एक गंभीर रूप में घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला अहियापुर थाना क्षेत्र की है, जहां आज निर्माण कार्य के दौरान घटना हुई है। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के नॉर्थ परगना निवासी मो शहाबुद्दीन मठिया के पुत्र मो इकरामुल (26) और मालदा निवासी मो अजीमूल (24) के रूप में की गई है।
दो की मौके पर हुई मौत
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि सिवरेज निर्माण का कार्य चल रहा था। दो मजदूर सीवरेज में काम करने के लिए उतरे और नीचे ही रह गये। जब काफी देर तक उनकी कोई गतिविधि नहीं मिली तब तीसरा शख्स सीवरेज में उतरा और वह भी नीचे जाकर फंस गया। जब इस बात का अंदाजा ऊपर में काम करने वालों को लगा तब अंदर से उन तीनों को निकालने के लिए जेसीवी को लगाया गया, लेकिन मामला बिगड़ता देख जेसीवी चालक भी वहां से फरार हो गया। फिर दूसरे चालक को बुलाकर खुदाई की गई और तीनों को बाहर निकाला गया।
मजदूरों को बाहर निकालते ही स्थानीय लोगों में अफरातफरी का माहौल हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम के कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जमकर विरोध किया। स्थानीय लोगों और मजदूर का कहना है कि स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ है। घटनास्थल पर मौजूद मजदूर और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना को देखते ही स्मार्ट सिटी के लोग वहां से फरार हो गये। मजदूरों ने आरोप लगाते हुए कहा कि जो मजदूर काम कर रहे हैं उसको सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिलती। नियम के अनुसार लाइफ जैकेट और शू उपलब्ध कराया जाना चाहिए लेकिन सुरक्षात्मक कार्य ताक पर रख दिए जाते हैं। मजदूरों ने कहा कि जब खड्डे में या अन्य कोई भी काम को कराया जाता है तो सेफ्टी के नियम के पालन नहीं करवाया जाता है। उनका कहना है कि आज जो घटना हुई है नगर निगम के लापरवाही के कारण हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ टाउन 2 विनिता सिन्हा ने बताया कि घटना में तीन मजदूर घायल हुए थे, जिसमें दो मजदूर की मौत हो गई है। एक अन्य को गंभीर हालत में इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मजदूर से बयान लिया जा रहा है।आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।