Bihar Hooch Tragedy: सीवान में जहरीली शराब से चौकीदार समेत 5 की मौत, बेगूसराय में दो की गई जान
सारण में जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला थमने को तैयार नहीं और इधर अब इसी तरह की खबरें निकटवर्ती जिले सीवान से आने लगी हैं। भगवानपुर थाना क्षेत्र में थाने के चौकीदार समेत पांच की एक-एक कर मौत हो गई। बेगूसराय में भी दो शराबी की जान गई है।
विस्तार
सारण में जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला थमने को तैयार नहीं और इधर अब इसी तरह की खबरें निकटवर्ती जिले सीवान से आने लगी हैं। भगवानपुर थाना क्षेत्र में मौतों का सिलसिला शुक्रवार सुबह शुरू हुआ तो थाने के चौकीदार समेत पांच की एक-एक कर मौत हो गई। मृतकों की पहचान महेश राय, अमीर मांझी, शंभू यादव, राजेंद्र पंडित और चौकीदार अवध मांझी के रूप में हुई है। इनमें से तीन की मौत इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने के बाद हुई है।
सीवान के भगवानपुर में ब्रह्मस्थान के पास पी थी वहीं पर बनाई शराब
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह सभी ब्रह्मस्थान के आसपास रहते हैं और एक ही समय एक जगह पर शराब पी थी और फिर बहुत कम अंतराल के दौरान एक-एक कर इनकी मौत हो गई। इन मौतों से अचानक यहां कोहराम मच गया है। ध्रुव यादव के पुत्र महेश राय, फुलेना मांझी के पुत्र अमीर मांझी, नारसी मांझी के पुत्र अवध मांझी के घरों में महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। सीवान सदर अस्पताल में शंभू यादव की मौत के बाद उनके साथ आए ग्रामीणों ने कहा कि खुलेआम शराब मिल रही है। सारण में इतनी बड़ी घटना के बाद इन लोगों को जहरीली शराब मिली। पहले आंखों की रोशनी गई, फिर पेट दर्द के बाद मौत हो गई। कोई इलाज नहीं मिल सका।
बेगूसराय में पीने वाले ने कहा शराब पी, एसपी कह रहे- केमिकल सेवन किया
उधर, शुक्रवार को बेगूसराय के तेघड़ा में भी एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें शराब पीने के बाद जान गंवाने वाले युवक के परिजनों ने जहरीली शराब से मौत की बात कही। उसके साथ शराब पीने वाला दूसरा युवक अभी भी निजी नर्सिंग होम में मौत से जूझ रहा है। तेघड़ा थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार वार्ड 24 के इस शराब कांड में मरने वाले की पहचान चंद्र कुमार पोद्दार के पुत्र घनश्याम पोद्दार के रूप में की गई है। विपिन पोद्दार का पुत्र संदीप पोद्दार इलाजरत था, लेकिन पटना पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके अलावा, शिवम और नाबालिग दीपक का पटना में इलाज चल रहा है। दीपक शुक्रवार सुबह तक ठीक था, लेकिन दोपहर बाद से उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी थी। एसपी योगेंद्र कुमार ने शराब से मौत की पुष्टि नहीं की। एसपी का कहना है कि किसी केमिकल के सेवन के कारण यह हुआ। इन चारों के अलावा कन्हैया नाम के एक लड़के ने दीपक के अनुसार साथ में शराब पी थी, वह अब भी पुलिस की पहुंच से दूर है।