फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   bihar film city 54 films shooting samrat choudhary bhojpuri bawal suniel shetty bihar culture

Bihar: बिहार में बनेगी फिल्म सिटी, 54 फिल्मों की शूटिंग को मंजूरी; CM सम्राट बोले- कलाकार बनें ब्रांड एंबेसडर

Tue, 25 Aug 2026 10:33 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Tue, 25 Aug 2026 10:33 AM IST
सार

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में फिल्म सिटी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकारों से फिल्म सिटी के लिए उपयुक्त जगह चिन्हित करने में सहयोग करने की अपील की।

विज्ञापन
bihar film city 54 films shooting samrat choudhary bhojpuri bawal suniel shetty bihar culture
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और राज्य की सभ्यता, संस्कृति और विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने भोजपुरी फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों से उपयुक्त स्थान चिन्हित करने में सहयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सकारात्मक छवि दुनिया के सामने लाना केवल सरकार की नहीं, बल्कि सभी की जिम्मेदारी है।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री सोमवार को सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में आयोजित ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

विज्ञापन

बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग को सरकार की मंजूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को सरकार हरसंभव सहयोग देगी। उन्होंने बताया कि बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सरकार ने सहमति दी है। उन्होंने कहा कि अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी अक्टूबर महीने से बिहार में फिल्म की शूटिंग शुरू करने की इच्छा जताई है। मुख्यमंत्री ने भोजपुरी के साथ-साथ अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में फिल्म निर्माण को भी बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन भाषाओं में फिल्म बनाने वालों को सरकार पूरा सहयोग देगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

‘भोजपुरी बवाल’ के आयोजन पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की धरती पर जियो हॉटस्टार और कलर्स की ओर से ‘भोजपुरी बवाल’ जैसे कार्यक्रम का आयोजन होना खुशी की बात है। उन्होंने कार्यक्रम की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार बदल चुका है और फिल्म जगत से जुड़े लोगों का राज्य में स्वागत है। सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।

बिहार की हजारों साल पुरानी विरासत को दुनिया तक पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार वह धरती है, जिसने करीब 2000 वर्ष पहले भारत को स्वर्णिम काल दिया। नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों से पूरी दुनिया में ज्ञान की रोशनी पहुंची। वहीं पाटलिपुत्र की धरती ऐतिहासिक रूप से भारत की सत्ता और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और विरासत को सकारात्मक रूप में दुनिया के सामने लाने की जरूरत है। फिल्मों के जरिए राज्य के सकारात्मक पक्ष को लोगों तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।

ईको टूरिज्म और पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में ईको टूरिज्म और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। पर्यटन के जरिए राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत तस्वीर देश-दुनिया के सामने पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि बिहार को कम्प्यूटर से क्रिएटर और ऑडियंस से इन्वेस्टर की दिशा में आगे बढ़ाने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं की प्रतिभा का भी उल्लेख किया और कहा कि देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में बिहार के युवा लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने 700 मॉडल स्कूल स्थापित किए हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी होने पर ऑनलाइन माध्यम से भी शिक्षकों की सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

‘फिल्मों से बिहार की सकारात्मक तस्वीर दुनिया तक पहुंचाएं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सभ्यता और संस्कृति को दुनिया के फलक पर स्थापित करना सरकार के साथ-साथ सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। फिल्मों के माध्यम से बिहार के सकारात्मक पक्ष को देश और दुनिया के सामने लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अमीर से लेकर गरीब व्यक्ति को बिजली सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने राज्य में सड़क, मेट्रो और रैपिड रेल जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास का भी उल्लेख किया। बेहतर सड़क संपर्क के कारण पटना से गया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों की यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान हुई है।

बिहार में बनेगी फिल्म सिटी, कलाकारों से जगह चिन्हित करने की अपील

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकारों से मिलकर बिहार में फिल्म सिटी के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के बच्चों में अभिनेता, निर्देशक, लेखक, संगीतकार और फिल्म निर्माण से जुड़े दूसरे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रतिभा और क्षमता है। सरकार इन प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

छठ की संस्कृति को बताया बिहार की खास पहचान

मुख्यमंत्री ने बिहार की सांस्कृतिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोग उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी पूजा करते हैं। इसका सबसे सुंदर उदाहरण छठ पर्व में देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि बिहार की यही विशिष्ट संस्कृति और जीवन-दृष्टि राज्य की पहचान है। उन्होंने ‘भोजपुरी बवाल’ के सफल आयोजन की शुभकामना देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम 14 करोड़ बिहारवासियों के साथ उत्तर प्रदेश के करीब 26 करोड़ लोगों और दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सभी कलाकारों से अपील की कि वे बिहार की सकारात्मक छवि को सामने लाएं, राज्य की संस्कृति को आगे बढ़ाएं और बिहार के ब्रांड एंबेसडर बनें। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर बिहार को श्रेष्ठ, समृद्ध और विकसित बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए।

भोजपुरी मनोरंजन जगत के कई बड़े चेहरे रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक आलोक कुमार सिंह, अभिनेता एवं विधान पार्षद पवन सिंह, विधायक महेश पासवान, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, पूर्व सांसद एवं अभिनेता दिनेश लाल यादव, जियो स्टार की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सीता लक्ष्मी वी. अय्यर, अभिनेत्री आम्रपाली, अभिनेत्री काजल राघवानी, अभिनेत्री पाखी हेगड़े और वरिष्ठ पत्रकार शुभांकर मिश्रा समेत भोजपुरी मनोरंजन जगत से जुड़े कई जाने-माने कलाकार और सितारे मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed