बिहार: भागलपुर में जितिया पर्व की खुशी के दिन घर में पसरा मातम, गेरुआ नदी में डूबी 13 वर्षीय छात्रा
भागलपुर के सन्हौला में गेरुआ नदी में नहाने गई 13 वर्षीय छात्रा ममता कुमारी तेज धार में बहकर लापता हो गई। ग्रामीणों, आपदा मित्रों और एसडीआरएफ ने करीब सात घंटे तलाश की, लेकिन अंधेरा होने तक शव बरामद नहीं हो सका।
विस्तार
भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड अंतर्गत अमडंडा थाना क्षेत्र के बोडा पाठक डीह पंचायत के रानी बनिया गांव में जितिया पर्व की तैयारी के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। सहेलियों के साथ गेरुआ नदी में नहाने गई 13 वर्षीय छात्रा तेज धार की चपेट में आकर लापता हो गई। करीब सात घंटे तक स्थानीय ग्रामीणों, आपदा मित्रों और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश की, लेकिन बच्ची का शव बरामद नहीं हो सका।
बताया गया कि नदी किनारे कई लड़कियां नहा रही थीं। इसी दौरान तीन-चार लड़कियां अचानक पानी की तेज धार की चपेट में आ गईं। घाट पर मौजूद लोगों और युवकों ने प्रयास कर तीन लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक बच्ची को बाहर नहीं निकाला जा सका।
पढ़ें: खेत में बिछा था करंट वाला नंगा तार, पति-पत्नी समेत तीन की मौत; एक गंभीर
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर अमडंडा थाना पुलिस भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू कराई।
काफी देर तक तलाश के बावजूद बच्ची का पता नहीं चल सका। इसके बाद सन्हौला अंचलाधिकारी की पहल पर एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने भी करीब दो घंटे तक नदी में खोज अभियान चलाया। स्थानीय ग्रामीणों, आपदा मित्रों और एसडीआरएफ की टीम ने करीब सात घंटे तक लगातार बच्ची की तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण उसका शव बरामद नहीं हो सका।
अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्थानीय गश्ती दल भी लगातार नजर बनाए हुए है। लापता बच्ची की पहचान सुरमनीयां गांव निवासी वकील सिंह की 13 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी के रूप में हुई है। ममता आठवीं कक्षा की छात्रा थी।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सन्हौला अंचल अधिकारी रजनीश चंद्र राय ने बताया कि काफी खोजबीन के बावजूद ममता कुमारी का शव बरामद नहीं हो सका है। अंधेरा होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को तलाशी अभियान में परेशानी हुई। टीम दोबारा नदी में बच्ची की तलाश शुरू करेगी।