Car Care Tips: पहाड़ी रास्तों पर फेल हो जाता है कार का ब्रेक, परेशानी से बचने के लिए अपनाएं ये टिप्स
अगर आप कार के जरिए पहाड़ी सफर पर जाने की सोच रहे हैं तो एक बात का ध्यान रखें। दरअसल, कई बार कार का ब्रेक कुछ छोटी सी गलती की वजह से काम करना बंद कर देता है। ऐसे में इस परेशानी से कैसे बचें, चलिए जानते हैं डिटेल।
विस्तार
देश में फिलहाल गर्मी का कहर कम हो गया है, मगर अब मानसून ने दस्तक ने दे दी है। इस मौसम में काफी लोग घूमने के लिए पहाड़ों पर जाते हैं। मगर इस दौरान कार के ब्रेक फेल होने की समस्या सामने आती है, ऐसे में अचानक आई इस परेशानी को किस तरह से संभाला जाए। अगर आप भी आने वाले समय में पहाड़ों पर कार से घूमने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है।
बीच सफर में फेल हो जाते हैं कार ब्रेक
दरअसल, कार के ब्रेक शू पर जब बहुत ज्यादा दबाव पड़ता है तो ब्रेक ड्रम और ब्रेक डिस्क काफी गर्म हो जाते हैं। इस वजह से कार का ब्रेक सही तरीके से काम नहीं करता है। इसके साथ ही ब्रेक की पकड़ काफी कमजोर हो जाती है, ऐसे में आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है, कुछ बातों का ध्यान रखकर इस दिक्कत को ठीक किया जा सकता है।
पहाड़ पर कार से सफर के दौरान जब भी कार के ब्रेक फेल होते हैं, तो इसके पीछे कई सारे कारण हो सकते हैं। कार के ब्रेक का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल होने पर अक्सर ब्रेक काम करना बंद कर देते हैं। पहाड़ों की यात्रा पर यह परेशानी देखने को मिलती है।
पहाड़ी सफर पर क्यों फेल हो जाते हैं ब्रेक
- अक्सर कार ड्राइवर पहाड़ी सफर के दौरान बहुत ज्यादा ब्रेक का इस्तेमाल करते हैं, इस वजह से ब्रेक शू बहुत अधिक गर्म हो जाता है।
- अगर कार चालक पहाड़ पर गाड़ी चलाते वक्त ब्रेक पर ज्यादा दबाव डालता है तो भी ब्रेक जल्दी खराब हो जाता है। इसके पीछे कई बार ब्रेक पर ओवरलोडिंग होना भी एक बड़ा कारण बन सकता है।
- इसके अलावा काफी वाहन चालक गलत गियर के साथ कार चलाते हैं, इस वजह से ब्रेक अपनी पूरी क्षमता के साथ काम नहीं करते हैं और जल्दी गर्म हो जाते हैं। ऐसे में कई बार ब्रेक फेल होने की संभावना बढ़ जाती है।
कार ब्रेक का इस तरह से रखें ध्यान
- कार के जरिए पहाड़ पर यात्रा कर रहे हैं तो कार के ब्रेक को खराब होने से बचाने के लिए ब्रेक का सही रखरखाव करें। अगर आप कुछ दिनों बाद पहाड़ों पर कार से घूमने के लिए जा रहे हैं तो पहले से ही ब्रेक की जांच करवाएं।
- कार के ब्रेक पहाड़ पर ठीक तरीके से काम करें, इसके लिए जरूरी है कि पहाड़ी सफर के दौरान इंजन ब्रेकिंग का इस्तेमाल ज्यादा करें।
- अगर कार को पहाड़ी रास्ते पर चला रहें है तो ब्रेक पर थोड़ी-थोड़ी देर में दबाव डालें, अगर ब्रेक पर लगातार दबाव डालेंगे तो इससे ब्रेक शू गर्म हो जाएंगे। ऐसे में ब्रेक फेल होने की संभावना बढ़ जाएगी।