Insurance Claim: पेड़ गिरने से कार कबाड़ हो जाए तो भी नहीं लगेगा 1 रुपया, बस क्लेम करते वक्त याद रखें ये बातें
Damage Car Insurance Claim: तेज आंधी-तूफान में अगर आपकी कार पर पेड़ गिर जाए, तो नुकसान की भरपाई कौन करेगा? जानिए मोटर इंश्योरेंस के नियम और क्लेम पास कराने के 4 सबसे जरूरी कदम, ताकि भारी नुकसान के बाद आपको अपनी जेब से एक भी रुपया खर्च न करना पड़े।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोचिए, आप अपनी कार लेकर बाहर निकले हैं। मौसम बिल्कुल साफ है, लेकिन तभी अचानक तेज आंधी-तूफान और बारिश शुरू हो जाती है। आप कार को सड़क किनारे पार्क कर देते हैं। कुछ देर बाद जब आप बाहर आते हैं, तो आपके होश उड़ जाते हैं। आपकी कार पर एक भारी पेड़ गिरा हुआ है, विंडशील्ड टूट चुकी है और छत पूरी तरह पिचक गई है। ऐसे झकझोर देने वाले पल में दिमाग में सबसे पहला सवाल यही आता है: "क्या इंश्योरेंस कंपनी इस नुकसान की भरपाई करेगी, या मुझे अपनी जेब से सारा खर्चा उठाना पड़ेगा?"
क्या अक्षय कुमार की फिल्म 'OMG' की तरह इंश्योरेंस कंपनियां इसे 'एक्ट ऑफ गॉड' (प्राकृतिक आपदा) बताकर पल्ला झाड़ लेंगी? आइए, इस उलझन को एकदम आसान भाषा में सुलझाते हैं ताकि आपको पता रहे कि मुसीबत के समय आपका बीमा काम आएगा या नहीं।
कार डैमेज होने पर क्लेम मिलेगा या नहीं?
आपकी गाड़ी पर पेड़ गिरने से जो नुकसान हुआ है, उसका पैसा मिलेगा या नहीं, यह पूरी तरह से आपकी इंश्योरेंस पॉलिसी के प्रकार पर निर्भर करता है। इसे दो हिस्सों में समझें:
थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस- कोई कवर नहीं: अगर आपने पैसे बचाने के लिए सिर्फ 'थर्ड-पार्टी' बीमा लिया है, तो आपको अपनी जेब से ही पूरा खर्च उठाना होगा। यह पॉलिसी सिर्फ तब काम आती है जब आपकी कार से किसी दूसरे व्यक्ति या उसकी संपत्ति का नुकसान हुआ हो। आपकी खुद की कार का डैमेज इसमें कवर नहीं होता।
कंप्रिहेंसिव पॉलिसी- पूरा कवर मिलेगा: अगर आपके पास 'कंप्रिहेंसिव' (Zero Dep या बंपर-टू-बंपर) इंश्योरेंस है, तो आपको घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। इस पॉलिसी में प्राकृतिक आपदाओं जैसे- आंधी, तूफान, बाढ़, भूकंप और पेड़ गिरने से होने वाले नुकसान को साफ तौर पर कवर किया जाता है। कंपनी को आपके नुकसान की भरपाई करनी ही होगी।
क्लेम रिजेक्ट होने से बचाना है? तुरंत करें ये 4 काम
हादसा होने पर घबराएं नहीं। अगर आप चाहते हैं कि इंश्योरेंस कंपनी बिना किसी बहाने के आपका क्लेम पास कर दे, तो ये 4 कदम तुरंत उठाएं:
1. फोटो और वीडियो जरूर बनाएं: घटना के तुरंत बाद, बिना कुछ छुए अपनी कार की अलग-अलग एंगल से तस्वीरें लें और एक वीडियो भी बना लें। यह सबसे बड़ा सबूत होगा कि नुकसान आंधी और पेड़ गिरने की वजह से ही हुआ है।
2. पेड़ को खुद हटाने की गलती न करें: जब तक बीमा कंपनी का सर्वेयर (Surveyor) आकर कार की जांच न कर ले, तब तक कार के ऊपर से पेड़ या डालियां न हटाएं। अगर आप खुद स्थिति बदल देंगे, तो कंपनी क्लेम पर सवाल उठा सकती है।
3. कंपनी को तुरंत सूचना दें: बिना देरी किए अपनी इंश्योरेंस कंपनी के कस्टमर केयर पर कॉल करें या उनकी मोबाइल एप के जरिए क्लेम रजिस्टर कर दें। सूचना देने में देरी करने पर क्लेम खारिज हो सकता है।
4. लोकल अथॉरिटी को जानकारी दें: अगर आपकी कार किसी पब्लिक रोड या पार्क के पास खड़ी थी, तो स्थानीय पुलिस या नगर निगम को भी इसकी सूचना दे दें। कई बार यह छोटी सी रिपोर्ट आपके क्लेम प्रोसेस को बहुत आसान बना देती है।