डुकाटी डेजर्टएक्स वी2 भारत में लॉन्च: इंजन से लेकर फ्रेम तक हुए बड़े बदलाव, जानें कितनी है कीमत?
- डुकाटी ने नई डेजर्टएक्स वी2 को भारत में लॉन्च किया है।
- बाइक में पुराने 937cc इंजन की जगह नया 890cc V-ट्विन इंजन दिया गया है।
- इसमें नया मोनोकोक फ्रेम, एल्युमिनियम स्विंगआर्म और अपडेटेड सस्पेंशन मिलता है।
- कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है। डिलीवरी दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है।
विस्तार
इटली की बाइक निर्माता कंपनी डुकाटी ने अपनी एडवेंचर टूरिंग बाइक डेजर्टएक्स का नया मॉडल भारतीय बाजार में उतार दिया है। दूसरी जनरेशन की डेजर्टएक्स वी2 की एक्स शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है। इस बार कंपनी ने बाइक के इंजन से लेकर चेसिस और सस्पेंशन तक में बड़े बदलाव किए हैं। नए मॉडल को ग्राहकों के फीडबैक और रैली प्रतियोगिताओं से मिले अनुभव के आधार पर तैयार किया गया है।
पुराने इंजन की जगह मिला नया 890cc V-ट्विन इंजन
नई डेजर्टएक्स वी2 में पहले मिलने वाले 937cc टेस्टास्ट्रेटा वी-ट्विन इंजन को हटाकर 890cc का नया V-ट्विन इंजन लगाया गया है। इंजन की क्षमता कम होने के बावजूद इसकी पावर में कोई कमी नहीं आई है। यह 9,000rpm पर 110hp की अधिकतम ताकत और 7,000rpm पर 92Nm का टॉर्क पैदा करता है। कंपनी ने गियरबॉक्स के रेशियो में भी बदलाव किया है। इसमें पहले चार गियर पहले के मुकाबले छोटे रखे गए हैं, जबकि छठा गियर लंबा किया गया है। एक और खास बात यह है कि अब इंजन के वॉल्व क्लीयरेंस की जांच 30,000 किलोमीटर की जगह हर 45,000 किलोमीटर पर करानी होगी।
नए फ्रेम और सस्पेंशन से बदला बाइक का अंदाज
इस बार डुकाटी ने बाइक के पुराने ट्रेलिस फ्रेम की जगह नया मोनोकोक फ्रेम दिया है। इसके साथ खास तौर पर तैयार किया गया एल्युमिनियम स्विंगआर्म भी मिलता है। ब्रेकिंग के लिए आगे ब्रेम्बो M.432 मोनोब्लॉक कैलिपर्स के साथ दो 305mm डिस्क दी गई हैं। पीछे 265mm की डिस्क पहले की तरह मौजूद है। सस्पेंशन में भी बदलाव किया गया है। इसमें पूरी तरह एडजस्ट होने वाले KYB यूनिट्स मिलते हैं। आगे 46mm USD फोर्क में 230mm और पीछे मोनोशॉक में 220mm का ट्रैवल मिलता है।
बाइक में मिलेंगे ये खास फीचर्स
- राइडिंग मोड: स्पोर्ट, टूरिंग, अर्बन, वेट, एंड्यूरो और रैली समेत छह राइडिंग मोड दिए गए हैं।
- पावर मोड: लो, मीडियम, हाई और ऑफ-रोड चार विकल्प मिलते हैं।
- सेफ्टी: स्विच किए जा सकने वाले और कॉर्नरिंग सेंसिटिव ABS के साथ ट्रैक्शन कंट्रोल मिलता है।
- गियरिंग: बाइक में दोनों दिशाओं में काम करने वाला क्विकशिफ्टर दिया गया है।
- डिस्प्ले: 5 इंच की TFT स्क्रीन से राइडिंग मोड और दूसरे कंट्रोल बदले जा सकते हैं।
सीट हाइट 880mm, घटा फ्यूल टैंक का आकार
डुकाटी ने नई डेजर्टएक वी2 की राइडिंग पोजिशन में भी बदलाव किया है। इसके फुटरेस्ट को पीछे और सीट व हैंडलबार को आगे की तरफ खिसकाया गया है। बाइक की सीट हाइट अब 880mm है, जो पुराने मॉडल से 5mm ज्यादा है। हालांकि एक्सेसरी लो सीट और लो सस्पेंशन किट लगाकर इसे 840mm तक कम किया जा सकता है। फ्यूल टैंक की क्षमता 21 लीटर से घटाकर 18 लीटर कर दी गई है और अब यह पॉलिमर से बना है। बिना फ्यूल के बाइक का वजन 209 किलोग्राम है। भारत में यह मैट स्टार व्हाइट सिल्क रंग में उपलब्ध होगी। इसकी कीमत पुराने मॉडल से 40,000 रुपये ज्यादा है। बुकिंग शुरू हो चुकी है और डिलीवरी दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है।
