होंडा-टोयोटा की इन कारों पर संकट: आठ लाख से ज्यादा गाड़ियां रिकॉल, जानें क्या हैरान करने वाली वजह आई सामने
- होंडा ने रिकॉल कीें 8,10,592 गाड़ियां।
- ताकाता एयरबैग फटने का खतरा मिला।
- डीलरशिप पर मुफ्त बदले जाएंगे इन्फ्लेटर।
- दिसंबर 2026 से मिलेंगे वाहन मालिकों को नोटिस।
विस्तार
दुर्घटना के समय कार में लगा एयरबैग जान बचाने के बेहद काम आता है, लेकिन अगर यही सुरक्षा सिस्टम खतरा बन जाए तो चिंता बढ़ जाती है। होंडा मोटर कंपनी ने अमेरिका में अपनी 8,10,592 कारों को रिकॉल करने का फैसला किया है। इन गाड़ियों में लगे ताकाता एयरबैग इन्फ्लेटर्स के फटने का खतरा है। इस रिकॉल में होंडा अकॉर्ड, सिविक और सीआर-वी के साथ एक्यूरा के कुछ मॉडल भी शामिल हैं। कंपनी प्रभावित गाड़ियों के एयरबैग इन्फ्लेटर मुफ्त में बदलेगी। ग्राहकों को दिसंबर 2026 से इसकी सूचना भेजी जाएगी।
कौन से मॉडल हुए रिकॉल?
इस रिकॉल के दायरे में कई कई पुराने मॉडल आए हैं। रॉयटर्स रिपोर्ट के अनुसार, इनमें 2013 होंडा अकॉर्ड, 2012-2013 होंडा सिविक, 2012-2013 होंडा CR-V, 2013 एक्यूरा ILX और 2013 एक्यूरा RDX के वाहन शामिल हैं।
अमेरिकी में किन जगहों पर रिकॉल हुई गाड़ियां?
- यह रिकॉल अमेरिका के सभी राज्यों में लागू नहीं है। इसमें उन 14 राज्यों और क्षेत्रों में बेचे गए या रजिस्टर्ड वाहन शामिल हैं, जहां तापमान अधिक रहता है, नमी ज्यादा होती है और तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं।
- इनमें अलबामा, कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, जॉर्जिया, हवाई, लुइसियाना, मिसिसिपी, साउथ कैरोलिना और टेक्सास शामिल हैं। इसके अलावा प्यूर्टो रिको, यूएस वर्जिन आइलैंड्स, नॉर्दर्न मैरियाना आइलैंड्स, गुआम और अमेरिकन समोआ भी इस लिस्ट में है।
आखिर क्यों फट सकते हैं एयरबैग इन्फ्लेटर?
- रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस रिकॉल की वजह एयरबैग में इस्तेमाल होने वाला इन्फ्लेटर है। यह एयरबैग को तेजी से फूलने में मदद करता है। दुर्घटना के समय एयरबैग खुलने के लिए इसी सिस्टम का इस्तेमाल होता है।
- होंडा के काफी समय तक किए गए एनालिसिस से पता चला है कि कुछ खास क्षेत्रों में इस्तेमाल किए गए इन्फ्लेटर्स के अंदर मौजूद प्रोपेलेंट (गैस बनाने वाला पदार्थ) की गुणवत्ता खराब हो सकती है। इससे एयरबैग खुलने के दौरान इन्फ्लेटर फटने का खतरा पैदा हो सकता है।
- खास बात यह है कि इन इन्फ्लेटर्स में नमी सोखने वाला पदार्थ यानी डेसिकेंट मौजूद है। यह पहले के ताकाता एयरबैग रिकॉल में शामिल इन्फ्लेटर्स से अलग हैं। हालांकि, कंपनी के विश्लेषण में इनमें भी समय के साथ खराबी आने की आशंका सामने आई है।
कंपनी ने क्या कहा?
- इस मामले में होंडा ने साफ कहा है कि मौजूदा रिकॉल में शामिल वाहनों से जुड़े किसी हादसे, चोट या एयरबैग इन्फ्लेटर फटने की रिपोर्ट नहीं मिली है। ऐसे में यह रिकॉल किसी दुर्घटना के बाद नहीं, बल्कि संभावित खतरे को देखते हुए एहतियात के तौर पर किया जा रहा है।
- कंपनी प्रभावित गाड़ियों के एयरबैग इन्फ्लेटर को डीलरशिप पर मुफ्त में बदलेगी। इसके लिए ग्राहकों को दिसंबर 2026 से नोटिफिकेशन भेजे जाएंगे।
ताकाता एयरबैग खराबी का पुराना मामला कितना गंभीर?
- ताकाता एयरबैग की खराबी का मामला दुनियाभर में लंबे समय से चिंता का विषय रहा है। साल 2009 से अमेरिका में खराब ताकाता एयरबैग इन्फ्लेटर्स की वजह से कम से कम 28 लोगों की मौत और 400 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं।
- इस खराबी की वजह से एयरबैग खुलते समय इन्फ्लेटर फट सकता है और उसके धातु के टुकड़े कार के अंदर बैठे लोगों को गंभीर चोट पहुंचा सकते हैं। अमेरिका के इतिहास में यह सबसे बड़ा ऑटो रिकॉल मामला बन चुका है।
- पिछले एक दशक में करीब दो दर्जन प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियां दुनियाभर में ताकाता एयरबैग इन्फ्लेटर वाले 10 करोड़ से ज्यादा वाहनों को रिकॉल कर चुकी हैं। इनमें अमेरिका के करीब 6.7 करोड़ वाहन शामिल हैं।
टोयोटा ने भी किया करीब 7.9 लाख वाहनों का रिकॉल
- इसी समय टोयोटा ने भी ताकाता एयरबैग इन्फ्लेटर से जुड़े खतरे को देखते हुए करीब 7.9 लाख वाहनों को रिकॉल किया है। इनमें अमेरिका के लगभग 3.14 लाख वाहन शामिल हैं।
- टोयोटा के रिकॉल में 2002-2010 लेक्सस SC430, 2011 IS250, 2017 GX460, 2003-2008 टोयोटा कोरोला, 2005-2006 टुंड्रा, 2005-2007 सिकोया और 2016-2017 4 रनर शामिल हैं।
- टोयोटा का कहना है कि प्रभावित वाहनों में इन्फ्लेटर बदलने के लिए नए पार्ट्स 2027 की शुरुआत तक उपलब्ध होने की उम्मीद है। इस तरह होंडा और टोयोटा के ताजा रिकॉल से दुनियाभर में करीब 16 लाख वाहन प्रभावित हुए हैं।
