रॉयल एनफील्ड ने UK में लॉन्च की 10 साल की वारंटी स्कीम: क्या भारत में भी मिलेगी यह सुविधा?
- रॉयल एनफील्ड ने ब्रिटेन में अपनी मोटरसाइकिलों के ग्राहकों के लिए एक नई वारंटी स्कीम शुरू की है।
- सेवा-सक्रिय वारंटी नाम की इस योजना के तहत बाइक पर अधिकतम 10 साल या करीब 1,12,650 किलोमीटर तक वारंटी कवरेज मिल सकता है।
विस्तार
ब्रिटेन (UK) में रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) बाइक मालिकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। कंपनी ने वहां एक नई वारंटी योजना शुरू की है, जो आपकी मोटरसाइकिल को 10 साल या 70,000 मील (लगभग 1,12,650 किलोमीटर), जो भी पहले हो, तक सुरक्षित रख सकती है। 'सर्विस एक्टिवेटेड वारंटी' नामक यह योजना पूरी तरह से नि:शुल्क है। और इसका सीधा लाभ उन राइडर्स को मिलेगा जो नियमित रूप से अधिकृत रॉयल एनफील्ड आउटलेट्स पर अपनी बाइक्स की सर्विस कराते हैं। ग्रेट ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड के ग्राहकों के लिए उपलब्ध यह पहल मौजूदा 3 साल की मानक निर्माता वारंटी को सात साल और बढ़ाने का सुनहरा अवसर देती है।
रॉयल एनफील्ड की यह 10-साल की वारंटी स्कीम कैसे काम करती है और इसकी शर्तें क्या हैं?
यह 10-साल की वारंटी कोई एकमुश्त विस्तार नहीं है जो ग्राहकों को अपने आप मिल जाएगी। बल्कि इसके लिए एक खास प्रक्रिया तय की गई है:-
हर साल सर्विस पर बढ़ेगी वारंटी: रॉयल एनफील्ड ने एक ऐसा मॉडल अपनाया है जहां हर साल कवरेज को रिन्यू किया जाता है। मालिकों को शुरुआत में हमेशा की तरह 3 साल की वारंटी मिलेगी। इस अवधि के बाद इसे जारी रखने के लिए उन्हें हर साल अधिकृत रॉयल एनफील्ड डीलरशिप पर अपनी मोटरसाइकिल की सर्विस करानी होगी। प्रत्येक योग्य सर्विस के साथ वारंटी एक साल और बढ़ जाएगी, जो अधिकतम 10 साल या 70,000 मील तक जा सकती है।
विज्ञापन -
पुराने मालिकों के लिए नियम: यह योजना केवल नए खरीदारों के लिए नहीं है, बल्कि इसमें उन मौजूदा मालिकों को भी शामिल किया गया है जिनकी मोटरसाइकिलें अभी भी लागू वारंटी अवधि के भीतर हैं। हालांकि, ऐसे मालिकों को पहले किसी अधिकृत रॉयल एनफील्ड केंद्र पर अपनी बाइक का निरीक्षण कराना होगा। वारंटी शुरू होने से पहले पाई गई किसी भी खराबी को मालिक के स्वयं के खर्च पर ठीक कराना अनिवार्य होगा। जिसके बाद 30 दिनों की प्रतीक्षा अवधि पूरी होने पर ही दावे दायर किए जा सकेंगे।
विज्ञापन विज्ञापन
इस वारंटी में कौन-से पार्ट्स कवर होंगे और किन बाइक्स को इससे बाहर रखा गया है?
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस योजना के तहत केवल चुनिंदा पुर्जों और मॉडल्स को ही सुरक्षा दी जाएगी:-
क्या कवर होगा और क्या नहीं: यह कवरेज योग्य मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट की विफलताओं पर लागू होता है। हालांकि, नियमित रूप से बदले जाने वाले आइटम और सामान्य घिसावट वाले पुर्जे, जैसे टायर, ब्रेक पैड, चेन, स्प्रोकेट और फिल्टर इस वारंटी के दायरे में नहीं आएंगे।
-
इन मॉडल्स को नहीं मिलेगा लाभ: पुरानी UCE 500cc मोटरसाइकिलें, Himalayan 411 और Scram 411 इस विशेष वारंटी लाभ के लिए पात्र नहीं हैं।
