अप्रैल 2026 ऑटो सेल्स: Renault की बिक्री हुई दोगुनी, नई Duster का दिखा जलवा; Toyota ने भी दर्ज की शानदार ग्रोथ
April 2026 Sales: अप्रैल 2026 की ऑटो सेल्स रिपोर्ट आ गई है। रेनो इंडिया ने बिक्री में 100% से ज्यादा का भारी उछाल दर्ज कर सबको चौंका दिया है, जबकि टोयोटा ने भी 17% की मजबूत ग्रोथ हासिल की है। इन दोनों कंपनियों की इस जबरदस्त सफलता के पीछे क्या है खास वजह...पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अप्रैल 2026 के लिए कार कंपनियों की बिक्री के आंकड़े सामने आ गए हैं। इस महीने Renault India और Toyota Kirloskar Motor ने भारतीय बाजार में शानदार प्रदर्शन किया है। जहां रेनो की बिक्री पिछले साल के मुकाबले दोगुनी से ज्यादा हो गई है, वहीं टोयोटा ने भी अपनी कुल बिक्री में 17% का मजबूत उछाल दर्ज किया है। आइए इन आंकड़ों को विस्तार से समझते हैं।
रेनो इंडिया: बिक्री में आया 100% से ज्यादा का उछाल
रेनो इंडिया ने नए वित्त वर्ष (2026-27) की शुरुआत बेहद धमाकेदार अंदाज में की है। कंपनी की घरेलू बिक्री में पिछले साल के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है। अप्रैल 2026 के आंकड़ों पर नजर डालें तो रेनो ने भारतीय बाजार में कुल 5,413 कारों की बिक्री की। ये आंकड़ें अप्रैल 2025 में बेची गई 2,602 यूनिट्स के मुकाबले काफी ज्यादा है। कंपनी का कहना है कि यह शानदार प्रदर्शन सितंबर 2025 में लॉन्च हुई नई-जनरेशन की ट्राइबर और काइगर को मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स का नतीजा है। इसकी वजह से पिछले कई महीनों से कंपनी की ग्रोथ लगातार डबल-डिजिट में बनी हुई है।
इस सफलता में कंपनी की आइकॉनिक एसयूवी, नई डस्टर का भी बड़ा हाथ रहा है। हाल ही में मार्केट में दोबारा कदम रखने वाली डस्टर को ग्राहकों का शानदार समर्थन मिल रहा है। अप्रैल के आखिरी दिनों में जैसे ही इसकी डिलीवरी शुरू हुई, पहले ही हफ्ते में इसकी मांग में भारी उछाल देखने को मिला। नए मॉडल्स की लोकप्रियता और मजबूत ब्रांड वैल्यू के दम पर रेनो इंडिया ने ऑटो सेक्टर में अपनी स्थिति को और भी मजबूत कर लिया है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर: घरेलू बाजार में शानदार बढ़त
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) के लिए भी अप्रैल 2026 का महीना बेहतरीन उपलब्धियों भरा रहा है। कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी मजबूत पकड़ को और गहरा करते हुए कुल बिक्री में 17% की स्वस्थ वृद्धि दर्ज की है। आंकड़ों के अनुसार, इस साल अप्रैल में टोयोटा ने कुल 32,086 यूनिट्स बेचीं, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 27,329 यूनिट्स पर था। विशेष रूप से घरेलू बाजार में कंपनी का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा, जहां कारों की बिक्री 21% के उछाल के साथ 30,159 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले साल अप्रैल में 24,833 यूनिट्स थी।
हालांकि, जहां घरेलू मोर्चे पर कंपनी ने सफलता के झंडे गाड़े, वहीं निर्यात के मामले में थोड़ी नरमी देखने को मिली। इस साल अप्रैल में कंपनी का निर्यात 23% गिरकर 1,927 यूनिट्स रह गया, जो पिछले साल इसी महीने में 2,496 यूनिट्स दर्ज किया गया था। इस प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कंपनी के मैनेजमेंट ने बताया कि यह ग्रोथ ग्राहकों पर केंद्रित सोच और बेहतरीन प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का परिणाम है। इसने बाजार में टोयोटा के भरोसे को और मजबूत किया है।
टोयोटा मैनेजमेंट का क्या कहना है?
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स), शबरी मनोहर ने इस ग्रोथ पर खुशी जताते हुए कहा, "अप्रैल 2026 के सेल्स आंकड़े हमारी लगातार हो रही तरक्की को दिखाते हैं। यह सब ग्राहकों की पसंद पर हमारे खास ध्यान, बेहतरीन क्वालिटी वाले प्रोडक्ट्स और बाजार में हमारी सही रणनीति का नतीजा है।"