लॉकडाउन में ऐसे करें अपनी बाइक की देखभाल, घर में ही करें बाइक की सर्विस!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन अब 3 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। अब ऐसे में लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं न ही वाहन चला पा रहे हैं। वहीं अगर आपकी बाइक लंबे समय से खड़ी है तो उसमें दिक्कतें पैदा हो सकती है। लेकिन अगर आप ये छोटी-छोटी टिप्स को अमल में लाएंगे तो आपकी बाइक में कोई खराबी नहीं आएगी और लंबे वक्त तक आपका साथ निभाएगी...
गीले या सूखे कपड़े से करें सफाई
हम आपको घर पर ही बाइक की मेंटेनेंस करने का तरीका बता रहे हैं, इससे आपकी बाइक भी सुरक्षित रहेगी और पैसे भी नहीं लगेंगे। सबसे पहले आप बाइक को प्रत्येक दो-तीन दिन में किसी कपड़े से साफ करें। कपड़े को गीला करके भी गाड़ी साफ कर सकते हैं। ऐसा करने से बाइक के पार्ट्स में धूल नहीं जाएगी।
एयर फिल्टर करें साफ
बाइक के बीच में लगा एयर फिल्टर इंजन में साफ हवा पहुंचाता है। इसलिए इसका साफ होना बेहद जरूरी है। अगर इसमें गंदगी होती है, तो वह इंजन के अंदर तक पहुंच जाती है। इससे इंजन जल्दी खराब हो जाता है। वहीं बाइक के माइलेज पर भी फर्क पड़ता है।
इसलिए फिल्टर में लगे स्पंज के टुकड़े का साफ होना बहुत जरूरी है। आप बाइक से थोड़ा सा पेट्रोल निकालें और टुकड़े को अच्छे से साफ करें। जब इसका कालापन निकल जाए, तो उसे कुछ देर रख दें और जब वह सूख जाए तो उसे वापस वहीं लगा दें।
स्पार्क प्लग
ज्यादा दिनों तक बाइक खड़ी रहने पर इसके स्पार्क प्लग पर कार्बन जम जाता है। जिससे बाइक स्टार्ट करने में दिक्कत आती है। ऐसे में आप स्पार्क प्लग को किसी रेगमाल या किसी कपड़े से साफ करें। ऐसा करने से स्पार्क ठीक से काम भी करेगा और इंजन तक स्पार्क भी पहुंचाएगा।
बैटरी सही रखने के लिए स्टार्ट करते रहें बाइक
ज्यादा दिन तक बाइक खड़ी रहने पर इसकी बैटरी डिस्चार्ज हो जाती है। लंबे समय बाद बाइक स्टार्ट करने में दिक्कत होती है। ऐसा न हो इसके लिए आप प्रत्येक दो तीन दिन में बाइक को स्टार्ट करते रहें। ताकि बाइक की बैटरी चार्ज रहे। अगर मौका मिले तो घर के बाहर ही एक राउंड भी लगा सकते हैं।
इंजन ऑयल
लंबे समय तक खड़ी बाइक में इंजन ऑयल काफी गाढ़ा हो जाता है। इसलिए कुछ दिन में इंजन ऑयल चेक करते रहना भी जरूरी है। इंजन ऑयल कम न हो इसके लिए किसी लकड़ी से चेंबर में इसका लेवल चेक जरूर करते रहें।