Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Automobiles News ›   NHAI MLFF Tolling Barrierless System Boosts Toll Revenue by 20 percent

बैरियरलेस टोलिंग से 20% बढ़ी एनएचएआई की कमाई, AI से पकड़े जाएंगे टोल चोर; कैसे काम करती है तकनीक?

Mon, 23 Nov 2026 07:58 PM IST
कुलदीप शर्मा ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: कुलदीप शर्मा Updated Mon, 23 Nov 2026 07:58 PM IST
सार

  • NHAI के बैरियरलेस टोलिंग सिस्टम से सात टोल प्लाजा पर कमाई 19.84% बढ़कर 538.95 करोड़ रुपये हुई।
  • मई से अक्टूबर 2026 के बीच पिछले साल के मुकाबले 89.23 करोड़ रुपये ज्यादा राजस्व मिला।
  • टोल टैक्स बचाने के लिए नंबर प्लेट छिपाने या बदलने वालों पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
  • AI, व्हीकल फिंगरप्रिंटिंग और VAHAN डेटाबेस की मदद से टोल चोरी करने वाले पकड़े जाएंगे।

विज्ञापन
NHAI MLFF Tolling Barrierless System Boosts Toll Revenue by 20 percent
प्रतीकात्मक इमेज - फोटो : Amar Ujala Digital

विस्तार

हाईवे पर सफर के दौरान टोल प्लाजा पर रुकने और लंबी कतारों में इंतजार करने की परेशानी जल्द पुरानी बात हो सकती है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई का बैरियरलेस टोलिंग सिस्टम न सिर्फ सफर आसान बना रहा है, बल्कि सरकारी कमाई भी बढ़ा रहा है। मई से अक्टूबर 2026 के बीच इस सिस्टम से सात टोल प्लाजा पर 538.95 करोड़ रुपये का शुद्ध राजस्व मिला है। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 20 फीसदी ज्यादा है।

विज्ञापन

बैरियरलेस टोलिंग से कितनी बढ़ी NHAI की कमाई?

NHAI के मुताबिक मल्टी लेन फ्री फ्लो आधारित टोलिंग सिस्टम से मई से अक्टूबर 2026 के बीच सात चालू टोल प्लाजा पर कुल 538.95 करोड़ रुपये का शुद्ध रिवेन्यू मिला। पिछले साल इसी अवधि में इन टोल प्लाजा से 449.72 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। यानी इस बार कमाई में 89.23 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो NHAI का शुद्ध टोल राजस्व 19.84 फीसदी बढ़ा है। एनएचएाई ने 31 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के आधार पर यह जानकारी दी है। कमाई के साथ टोल लेनदेन की संख्या में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई है। इससे संकेत मिलता है कि नई व्यवस्था से टोल वसूली की प्रक्रिया ज्यादा प्रभावी हो रही है।

विज्ञापन

किन शहरों और टोल प्लाजा पर शुरू हुआ सिस्टम?

MLFF आधारित बैरियरलेस टोलिंग सिस्टम की शुरुआत गुजरात के चोर्यासी टोल प्लाजा से 1 मई 2026 को हुई थी। इसके बाद इसे धीरे-धीरे दूसरे टोल प्लाजा पर भी लागू किया गया। अक्टूबर 2026 तक देश के सात टोल प्लाजा इस व्यवस्था के तहत काम कर रहे थे। इनमें मुंडका, दौलतपुरा, घरौंडा, मनोहरपुरा, शाहजहांपुर और परनूर शामिल हैं। इनके साथ गुजरात का चोर्यासी टोल प्लाजा भी इस सूची में है। इसके अलावा नवंबर 2026 में नेमिली और चेनासमुद्रम टोल प्लाजा पर भी यह सिस्टम शुरू किया गया। हालांकि इन दोनों को मई से अक्टूबर के राजस्व आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है। NHAI का लक्ष्य इस तकनीक के जरिए टोल वसूली को ज्यादा तेज और व्यवस्थित बनाना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

बैरियरलेस टोलिंग सिस्टम कैसे काम करता है?

इस तकनीक में वाहनों को टोल चुकाने के लिए बैरियर के सामने रुकने की जरूरत नहीं पड़ती। मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम में तकनीक की मदद से गुजरने वाले वाहनों की पहचान की जाती है और उनके टोल भुगतान का रिकॉर्ड तैयार होता है। इस व्यवस्था के कुछ खास पहलू हैं।

  • बिना रुके सफर: वाहनों को टोल बैरियर पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे कतारों और इंतजार का समय कम हो सकता है।
  • वाहनों की पहचान: तकनीकी सिस्टम गुजरने वाले वाहनों की पहचान कर टोल लेनदेन का रिकॉर्ड तैयार करता है।
  • तेज वसूली: पारंपरिक टोल व्यवस्था की तुलना में भुगतान और वसूली की प्रक्रिया को ज्यादा सुचारु बनाया जा सकता है।
  • राजस्व में बढ़ोतरी: NHAI के आंकड़ों के मुताबिक, सात चालू टोल प्लाजा पर इस व्यवस्था के बाद शुद्ध कमाई में 19.84 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

नंबर प्लेट छिपाकर टोल चोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई

नई व्यवस्था से जहां टोल वसूली बढ़ी है, वहीं कुछ वाहन मालिकों की तरफ से गड़बड़ी करने के मामले भी सामने आए हैं। NHAI के मुताबिक कुछ लोग टोल भुगतान से बचने के लिए अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट को ढक रहे हैं, छिपा रहे हैं या उनके साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। इससे कैमरे और दूसरे पहचान सिस्टम के जरिए वाहन की सही जानकारी जुटाने में परेशानी हो सकती है। प्राधिकरण ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और संबंधित राज्य सरकारों तथा प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की है। कुछ MLFF टोल प्लाजा पर पुलिस चेक पोस्ट भी बनाए गए हैं। हरियाणा के घरौंडा टोल प्लाजा पर ऐसे वाहनों को रोककर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के संबंधित प्रावधानों के तहत चालान किया जा रहा है।

AI और VAHAN डेटाबेस से पकड़े जाएंगे नियम तोड़ने वाले

NHAI अब टोल चोरी रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीक का भी इस्तेमाल कर रहा है। इसमें व्हीकल फिंगरप्रिंटिंग और VAHAN डेटाबेस के साथ इंटीग्रेशन जैसे उपाय शामिल हैं। इनकी मदद से उन वाहनों की पहचान करने की कोशिश की जाएगी, जिनकी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है। साथ ही वाहन के रजिस्टर्ड मालिक तक पहुंचना भी आसान होगा। जिन लोगों ने टोल शुल्क का भुगतान नहीं किया है, उन्हें ई-नोटिस भेजे जा रहे हैं। अगर तय प्रक्रिया के तहत नोटिस का भुगतान नहीं किया जाता है, तो संबंधित मामलों में VAHAN की सेवाओं पर भी रोक लगाई जा सकती है। NHAI का कहना है कि तकनीक और सख्त निगरानी के जरिए टोल चोरी रोकने के साथ राजस्व वसूली को मजबूत किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें ऑटोमोबाइल समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। ऑटोमोबाइल जगत की अन्य खबरें जैसे लेटेस्ट कार न्यूज़, लेटेस्ट बाइक न्यूज़, सभी कार रिव्यू और बाइक रिव्यू आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed