21 साल बाद बड़ी एसयूवी सेगमेंट में लौटेगी होंडा: नए नाम के साथ जारी हुआ टीजर, बाजार में कब देगी दस्तक?
- 2027 में आएगी होंडा की नई एसयूवी।
- ह्यंदै सांता Fe से होगा मुकाबला।
- थाईलैंड में होगा राइट-हैंड ड्राइव उत्पादन।
- मिलेगा नया होंडा हाइब्रिड सिस्टम।
विस्तार
होंडा बड़ी एसयूवी सेगमेंट में एक बार फिर वापसी करते की तैयारी में है। कंपनी अगले साल ऑस्ट्रेलिया में अपनी नई 7-सीटर एसयूवी पेश कर सकती है। 2027 होंडा एवेंशियर नाम से आने वाले इस मॉडल का टीजर जारी हो चुका है। खास बात है कि यह करीब 21 साल बाद होंडा ऑस्ट्रेलिया में कोई बड़ी 7-सीटर एसयूवी लाने जा रही है। आने वाले हफ्तों में इसका ग्लोबल डेब्यू होने की उम्मीद है।
कंपनी की ओर से टीजर जारी होने के बाद इसे लेकर कई संभावनाएं जताई जा रही हैं। कहा जा रहा है इसमें हाइब्रिड पावरट्रेन दिया जाएगा और यह 2006 के बाद ऑस्ट्रेलिया में होंडा की पहली बड़ी 7-सीटर एसयूवी हो सकती है।
2027 होंडा एवेंशियर का टीजर जारी, कब देगी दस्तक?
- होंडा ने अपनी नई 7-सीटर एसयूवी का टीजर जारी कर दिया है। 2027 होंडा एवेंशियर अगले साल ऑस्ट्रेलिया पहुंचने वाली है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी शोरूम में आने की आधिकारिक तारीख नहीं बताई है। शेयर की गई वीडियो में सिर्फ कमिंग सून लिखा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि जल्द ही बाजार में ग्राहकों के लिए यह गाड़ी उपलब्ध हो सकती है।
- होंडा ऑस्ट्रेलिया ने अपनी मीडिया रिलीज में कहा कि होंडा ऑस्ट्रेलिया ने आज घोषणा की है कि नई पीढ़ी का पहला वाहन जल्द ही पेश किया जाएगा।
The All-New AVANCIER Coming Soon #HondaHybrid https://t.co/TA45v4Cnsk
— Honda 本田技研工業 (@HondaJP) November 6, 2026
किन कारों से होगा मुकाबला?
नई होंडा एवेंशियर को बड़े एसयूवी सेगमेंट में उतारा जा सकता है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि इनका मुकाबला कई बड़े मॉडल्स से हो सकता है। इसमें ह्यूंदै सांता सांता फे, टोयोटा क्लुगर, बीवाईडी सीलियन 8 और माज्दा सीएक्स-80 शामिल हैं। इस तरह इशारा मिलता है कि होंडा की नई एसयूव का मुकाबला उन गाड़ियों से होगा, जिनमें बड़ी फैमिली के लिए तीन रो वाली सीटिंग मिलती है।
नया होंडा हाइब्रिड सिस्टम होगा खास
- होंडा जापान के टीजर वीडियो से एक बात साफ हुई है किएवेंशियर कंपनी के अपडेटेड हाइब्रिड सिस्टम के साथ आने वाला पहला मॉडल होगा। कंपनी अपने नए सिस्टम को अब e:HEV की जगह होंडा हाइब्रिड नाम पेश करेगी। इसमें नया विकसित वाहन प्लेटफॉर्म भी दिया जा सकता है। होंडा का दावा है कि यह प्लेटफॉर्म मौजूदा आर्किटेक्चर के मुकाबले ज्यादा मजबूत और हल्का होगा।
- मौजूदा होंडा आर्किटेक्चर का इस्तेमाल कंपनी सिविक, प्रिल्यूड, एकॉर्ड, ZR-V और CR-V जैसे मॉडलों में करती है। नए प्लेटफॉर्म और हाइब्रिड सिस्टम के साथ एवेंशियर कंपनी की नई तकनीकी दिशा को दिखाएगी।
डिजाइन में भी दिखेगा नया बदलाव
2027 होंडा एवेंशियर में कंपनी की नई डिजाइन देखने को मिल सकती है। टीजर से सामने आए संकेतों के अनुसार, इसमें फ्लैट होंडा बैज दिया जाएगा। इसके अलावा, एसयूवी में फ्लश डोर हैंडल मिलेंगे। ये हैंडल होंडा प्रिल्यूड हाइब्रिड कूपे में दिए गए डिजाइन की तरह होंगे। इससे नई SUV को पहले के होंडा मॉडल्स से अलग लुक मिलेगा।
थाईलैंड में होगा एसयूवी का निर्माण
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि होंडा एवेंशियर को थाईलैंड में बनाया जाएगा। यहां कंपनी इसे सीआर-वी के साथ राइट-हैंड ड्राइव कॉन्फिगरेशन में तैयार करेगी। इसके बाद इसे ऑस्ट्रेलियाई बाजार में पहुंचाया जाएगा। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया में इसकी बिक्री कब शुरू होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
21 साल बाद बड़ी SUV सेगमेंट में होंडा की वापसी
- ऑस्ट्रेलिया में होंडा की आखिरी बड़ी एसयूवी एमडीएक्स थी। यह मॉडल 2003 से 2006 तक बाजार में बेचा गया था। इसे कनाडा से आयात किया जाता था और यह अक्यूरा मॉडल पर आधारित था।
- एमडीएक्स, होंडा पायलट पर आधारित थी। पायलट आज भी केवल उत्तरी अमेरिका के बाजार में उपलब्ध है। ऐसे में नई एवेंशियर के आने से होंडा करीब 21 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में बड़ी एसयूवी सेगमेंट में वापसी करेगी। फिलहाल कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया में इसकी लॉन्च डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।