Bike Safety Tips: बाइक खरीदने से पहले जरूर देखें सुरक्षा के ये खास फीचर्स, बाद में बर्बाद हो जाएगा पैसा
अगर आप इन दिनों नई बाइक घर लाने की तैयारी कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। मोटरसाइकिल खरीदने से पहले जरूर जानें बाइक में किन सेफ्टी फीचर्स का होना जरूरी है। आगे पढ़ें इसकी पूरी डिटेल।
विस्तार
देश में दो पहिया वाहनों की मांग अभी भी अच्छी गति के साथ आगे बढ़ रही है। बीते अप्रैल महीने में दो पहिया वाहनों की बिक्री शानदार रही है। इसी बीच अगर आप आने वाले कुछ दिनों में नई बाइक खरीदने की सोच रहे हैं तो एक मिनट रुककर इस खबर को ध्यान से पढ़ें। दरअसल बाइक के लिए भी कई सुरक्षा के फीचर जरूरी होते हैं, अगर मोटरसाइकिल में सुरक्षा के फीचर्स नहीं मिलते हैं तो आपका पैसा बर्बाद हो सकता है।
एबीएस फीचर
एबीएस यानी एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम, ये फीचर बाइक द्वारा अचानक ब्रेक मारने पर पिछले वाले टायर को लॉक होने से रोकता है। सुरक्षा का ये फीचर आजकल 125सीसी की हर बाइक में मिल रहा है। इस फीचर की मदद से ड्राइवर और पीछे बैठे यात्री की जान सुरक्षित रहती है। इस फीचर की मदद से बाइक सड़क पर आसानी से फिसलती नहीं है।
सीबीएस फीचर
बाइक की सुरक्षा के लिए कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम काफी अहम होता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सीबीएस एबीएस की तरह अधिक ताकतवर नहीं होता है। मगर सीबीएस का इस्तेमाल करने पर बाइक का पिछला टायर रुक जाता है, वहीं, फ्रंट टायर खुद ही रुक जाता है। ये फीचर भी हर 125सीसी वाली बाइक में आ रहा है।
ट्रैक्शन कंट्रोल फीचर
अगर बाइक में ट्रैक्शन कंट्रोल फीचर दिया गया है तो इस फीचर की मदद से सड़क पर बाइक को बेहतर संतुलन और सुरक्षा मिलती है। दरअसल ये फीचर बाइक को सड़क पर फिसलने से रोकता है। इसके साथ ही बाइक पर अच्छी ग्रिप और हैंडलिंग प्रदान करता है। इस फीचर के बिना गीली या चिकनी सड़क पर बाइक फिसल सकती है।
व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल
नई बाइक लेने से पहले बाइक में व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल फीचर के बारे में जरूर पूछ लें। अगर बाइक में ये फीचर नहीं है तो सुरक्षा पर खतरा हो सकता है। इस फीचर की सहायता से बाइक में स्थिरता और नियंत्रण बेहतर होता है। इसके अलावा ये फीचर बाइक की ब्रेकिंग को भी मजबूत करता है।