Car AC: कार एसी का कंप्रेसर इन कारणों से हो सकता है खराब, देरी करने से बढ़ जाएगी परेशानी
गर्मी के मौसम में कार एसी कंप्रेसर खराब हो सकता है। अगर एसी कंप्रेसर में दिक्कत आ जाए तो एसी की कूलिंग पर बुरा असर पड़ता है। इसके साथ ही अगर कंप्रेसर को ज्यादा दिनों तक ठीक नहीं करवाया तो इससे बाद में बड़ा नुकसान हो सकता है।
विस्तार
भले ही देश के अधिकतर राज्यों में बरसात का सिलसिला शुरू हो गया हो, मगर अभी भी उमसभरी गर्मी ने लोगों का पीछा नहीं छोड़ा है। ऐसे में अगर आपके पास कार है तो आप कार में बैठते ही एसी शुरू करते होंगे। बाहर का मौसम इतना गर्म होता है कि कार में बैठते ही सबसे पहले एसी की जरूरत पड़ती है। वहीं, अगर कार के एसी में किसी भी तरह की कोई दिक्कत आ जाए तो कार में बैठना काफी मुश्किल हो जाता है। एसी के लिए कंप्रेसर का ठीक रहना काफी जरूरी है, आगे एसी कंप्रेसर 10 साल पुराना हो गया है तो आशंका है कि इसमें खराबी हो सकती है।
कंप्रेसर में खराबी के बड़े कारण
गर्मी के मौसम में कार का एसी ठीक ढंग से काम न करें तो यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कंप्रेसर में खराबी के पीछे कई सारे कारण हो सकते हैं, जैसे- किसी तरह की बिजली का शॉर्ट सर्किट या फिर कंप्रेसर के फ्यूज में दिक्कत आना। अगर कार का एसी सिस्टम बहुत ज्यादा गर्म हो जाए तो भी कंप्रेसर में खराबी हो सकती है। इसके साथ ही कंप्रेसर का फैन खराब हो जाना, एयर फिल्टर में दिक्कत और कंप्रेसर में गैस का कम होना भी एक बड़ी वजह है।
इस वजह से होती है कंप्रेसर में दिक्कत
अगर कार का कंप्रेसर सही ढंग से काम नहीं कर रहा है तो हो सकता है कि ऑयल की कमी हो गई हो। इसके साथ ही अगर तेल काफी गंदा हो गया है तो भी कंप्रेसर सही तरीके से काम नहीं करता है। इस वजह से कंप्रेसर को बड़ा नुकसान हो सकता है, अगर कंप्रेसर खराब हो गया तो फिर मोटा खर्चा करना पड़ सकता है।
यह भी है कंप्रेसर खराब होने का बड़ा कारण
कार के कंप्रेसर के खराब होने के पीछे कई सारे कारण हैं, जैसे- एसी सिस्टम के किसी हिस्से से अगर गैस लीक हो रही है तो भी कंप्रेसर पर बुरा असर पड़ता है। अगर गैस कम हो जाए तो कंप्रेसर सही ढंग से कूलिंग देने की क्षमता नहीं रखता है। सही मात्रा में गैस नहीं मिलने से कंप्रेसर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, इस वजह से कंप्रेसर के सिस्टम में दिक्कत आ सकती है।