बंगलुरु की स्टार्ट-अप कंपनी अल्ट्रावॉयलेट ऑटोमोटिव ने अपनी इलेक्ट्रिक बाइक अल्ट्रावॉयलेट F77 से पर्दा हटाया है। कंपनी ने इससे जुड़ी तमाम जानकारी दी है। हालांकि ये देखना दिलचस्प है कि यह बाइक एक्सरे लेने पर कैसी दिखाई पड़ती है। इससे पहले जानते हैं इसके कुछ खास फीचर्स...
X-ray में ऐसी दिखती है अल्ट्रावॉयलेट F77, देश की सबसे तेज इलेक्ट्रिक बाइक, देखें तस्वीरें
अल्ट्रावॉयलेट F77 बाइक की ऑन-रोड कीमत करीब तीन लाख रुपये है और इसे अगले साल अक्तूबर से ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा। इसमें तीन राइडिंग मोड हैं। पहला ईको मोड, दूसरा स्पोर्ट और तीसरा इन्सेन मोड। इन मोड्स से इसके पहियों को दमदार 450 एनएम टॉर्क मिलता है। इस इलैक्ट्रिक मोटरसाइकल में स्लिम और मॉड्युलर लीथियम-आयन बैटरी लगाई गई है। जो सिंगल चार्ज में 130-140 किमी तक चलती है।
इस बाइक की बैटरी सामान्य चार्जर की मदद से पांच घंटे में फुल चार्ज होती है, वहीं पोर्टेबल फास्ट चार्जर से इसे 50 मिनट में 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है। इसके अगले हिस्से में 320एमएम डिस्क ब्रेक के साथ फोर-पिस्टन क्लिपर और पिछले हिस्से में 230एमएम डिस्क के साथ सिंगल-पिस्टन क्लिपर है, साथ ही बाइक डुअल-चैनल एबीएस भी दिया गया है।
कंपनी ने अल्ट्रावॉयलेट F77 के फीचर्स की एक लंबी सूची दी है। इसमें फुल-कलर टीएफटी स्क्रीन के साथ ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और डेडिकेटेड एप भी है। इसमें ओवर-दी-एयर अपडेट, रिमोट डायग्नोस्टिक, बाइक लोकेटर और राइड एनालिसिस भी शामिल है। एप से रिजनरेटिव ब्रेकिंग कंट्रोल करने से लेकर स्पीड लिमिटर के साथ टॉर्क डिलिवरी भी कंट्रोल की जा सकती है।
अब बात आती है इस गाड़ी के एक्सरे व्यू की, कंपनी की साइट पर इसका एक्सरे दिखाया गया है। एक्सरे में गाड़ी की चेसिस और बैटरी के साथ डिजाइन दिखाई गई। इससे आप बाइक की अंदरूनी बनावट को समझ सकते हैं, जो साइड कवर होने के कारण दिखाई नहीं देती है। बता दें कि टू-व्हीलर कंपनी टीवीएस मोटर ने अल्ट्रावॉयलेट ऑटोमोटिव को फंडिंग की है। अल्ट्रावॉयलेट ऑटोमोटिव की करीब 25 फीसदी की हिस्सेदारी टीवीएस के पास है।