महामारी के बावजूद मजबूत हैं कार कंपनियों के इरादे, इस साल लॉन्च होंगी 36 गाड़ियां!
- अप्रैल 2020 से देशभऱ में नए उत्सर्जन मानक लागू
- लॉकडाउन के चलते कम से कम 21 वाहनों की लॉन्चिंग टली
- गाड़ियों की बिक्री में कम से कम 20 फीसदी की गिरावट!
विस्तार
भले ही लॉकडाउन के चलते अप्रैल में देशभर के ऑटोमोबाइल शोरूम से एक भी गाड़ी की बिक्री न हुई हो, भले की वाहनों की बिक्री दस साल के न्यूनतम स्तर पर हो, बावजूद इसके ऑटोमोबाइल सेक्टर के हौंसले बुलंद हैं। महामारी के दौर में भी ऑटो कंपनियां इस दौरान कम से कम तीन दर्जन वाहन लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं।
लॉन्चिंग छह से नौ महीनों में
इनमें मौजूदा वाहनों के फेसलिफ्ट और अपग्रेड्स भी शामिल हैं, जिनकी लॉन्चिंग छह से नौ महीनों में होगी। कंपनियों को उम्मीद है कि महामारी का दौर खत्म होते ही बाजार फिर से गुलजार होगा। 2020 ऐसा साल रहा है जिसमें अभी तक सबसे ज्यादा प्रोडक्ट अपग्रेड्स देखे गए हैं, इसकी वजह है कि अप्रैल 2020 से देशभऱ में नए उत्सर्जन मानकों का लागू होना।21 वाहनों की लॉन्चिंग टाली
वहीं लॉकडाउन लागू होने के चलते कम से कम 21 वाहनों की लॉन्चिंग टाली गई है। जिसका फायदा यह हुआ है कि पूरा साल ही लॉन्चिंग से बुक से है, यानी कि हर हफ्ते कम से कम एक लॉन्चिंग देखने को मिल सकती है। ऑटोमोबाइल सेक्टर के जानकार बताते हैं कि साल 2020 में गाड़ियों की बिक्री में कम से कम 20 फीसदी की गिरावट देखने को मिल सकती है।
मांग में कमजोरी रहेगी
हालांकि मांग में कमजोरी बनी रहेगी, लेकिन नए मॉडल्स ग्राहकों को शोरूम की तरफ आकर्षित करते रहेंगे और यही कार निर्माता कंपनियों की उम्मीद है। उनका कहना है कि ग्राहकों को लुभाने के लिए नई गाड़ियां आकर्षक कीमतों के साथ आसान ईएमआई विकल्पों के साथ उपलब्ध रहेंगी।
ज्यादातर गाड़ियों की डिजिटल लॉन्चिंग
इनमें मारुति की छोटी कार की लॉन्चिंग का सबसे ज्यादा इंतजार रहेगा। इसके अलावा ह्यूंदै नेक्स्ट जेनरेशन एलीट i20 और 7-सीटर एमपीवी, किआ सोनेट और रेनो की छोटी एसयूवी, नई होंडा सिटी, टाटा मोटर्स की 7-सीटर एसयूवी ग्रेविटास एमजी मोटर की ग्लोस्टर एसयूवी भी लॉन्चिंग की कतार में हैं। इसके अलावा कई लग्जरी गाड़ियां भी लॉन्च होने के लिए तैयार हैं। वहीं इन लॉन्चिंग्स में सबसे ज्यादा एसयूवी गाड़ियां होंगी। खास बात यह होगी कि इनमें से ज्यादातर गाड़ियां डिजिटल लॉन्च होंगी।